लंदन: इंग्लिश प्रीमियर लीग फुटबॉल प्रतियोगिता में टोटेनहैम हॉटस्पर को एक बार फिर निराशाजनक हार का सामना करना पड़ा। रविवार रात खेले गए मुकाबले में नॉटिंघम फॉरेस्ट ने टोटेनहैम को ३-० से हरा दिया। इस हार के बाद टोटेनहैम रेलिगेशन के करीब पहुंच गया है।
अपने घरेलू मैदान पर ५८ प्रतिशत पोजेशन के साथ खेलने के बावजूद टोटेनहैम गोल नहीं कर सका। दूसरी ओर, नॉटिंघम फॉरेस्ट ने मिले मौकों का पूरा फायदा उठाकर जीत हासिल की। विजेता टीम की ओर से इगोर जीसस ने ४५वें मिनट में, मॉर्गन गिब्स-व्हाइट ने ६२वें मिनट में और ताइवो अवोनियी ने ८७वें मिनट में गोल किए।
इस हार के बाद टोटेनहैम ३१ मैचों में ३० अंक के साथ अंक तालिका में १७वें स्थान पर पहुंच गया है। टीम इस सीजन में अब तक १५ मैच हार चुकी है। वहीं नॉटिंघम फॉरेस्ट ३२ अंकों के साथ १६वें स्थान पर है।
एक अन्य मुकाबले में संडरलैंड ने न्यूकैसल यूनाइटेड को रोमांचक मैच में २-१ से हराया। विजेता टीम की ओर से चेम्सडाइन ताल्बी ने ५७वें और ब्रायन ब्रोबी ने ९०वें मिनट में गोल किया, जबकि न्यूकैसल के लिए एंथनी गॉर्डन ने १०वें मिनट में गोल दागा। संडरलैंड ४३ अंकों के साथ ११वें और न्यूकैसल 42 अंकों के साथ १२वें स्थान पर है।
एक अन्य मैच में एस्टन विला ने वेस्ट हैम यूनाइटेड को २-० से हराया। एस्टन विला के लिए जॉन मैकगिन ने १५वें और ओली वाटकिन्स ने ६८वें मिनट में गोल किया। एस्टन विला ५४ अंकों के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है।









