लंदन: यूरोपीय क्लब फुटबॉल की सबसे बड़ी प्रतियोगिता यूएफा चैंपियन्स लीग में इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब आर्सेनल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार देर रात खेले गए सेमीफाइनल के दूसरे चरण में कोच मिकेल आर्टेटा की टीम ने स्पेनिश क्लब एटलेटिको मैड्रिड को १-० से हरा दिया।
पहला मुकाबला १-१ से बराबरी पर समाप्त हुआ था, जिसके आधार पर आर्सेनल ने कुल २-१ से जीत दर्ज करते हुए २० साल बाद फाइनल में प्रवेश किया। इससे पहले टीम ने २००६ में फाइनल खेला था, जहां उसे बार्सिलोना के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
घरेलू मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में आर्सेनल ने ५४ प्रतिशत गेंद पर नियंत्रण रखा। मैच के पहले हाफ के अंत में बुकायो साका ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जो अंत तक निर्णायक साबित हुआ।
दूसरे हाफ में एटलेटिको मैड्रिड ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन एंटोनी ग्रीजमैन और जियोवानी सिमेओन जैसे खिलाड़ियों के मौके चूकने से टीम गोल नहीं कर सकी।
अब ३० मई को बुडापेस्ट में होने वाले फाइनल में आर्सेनल का सामना पेरिस सेंट जर्मेन और बायर्न म्यूनिख के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
जीत के बाद कोच मिकेल आर्टेटा ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि समर्थकों के शानदार सहयोग ने टीम को अतिरिक्त ऊर्जा दी। उन्होंने इस जीत को क्लब और प्रशंसकों के लिए खास बताया।
उल्लेखनीय है कि आर्सेनल इस समय इंग्लिश प्रीमियर लीग में भी शीर्ष स्थान पर बना हुआ है और खिताब जीतने की दौड़ में सबसे आगे है।









