नई दिल्ली: पूर्व भारतीय कप्तान और बाएं हाथ के दिग्गज बल्लेबाज सौरव गांगुली को बुधवार को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया। इसके साथ ही वह इस प्रतिष्ठित सम्मान को हासिल करने वाले भारत के १२वें क्रिकेटर बन गए हैं। आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के बाद गांगुली ने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने आईसीसी और चेयरमैन जय शाह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने करियर का सबसे बड़ा सम्मान बताया।
गांगुली ने लिखा, ”आईसीसी और चेयरमैन जय शाह को मुझे हॉल ऑफ फेम में शामिल करने के लिए धन्यवाद। यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। इतने महान खिलाड़ियों की सूची का हिस्सा बनना सचमुच एक अद्भुत अनुभव है। हॉल ऑफ फेम में शामिल भारतीय क्रिकेटरों की सूची में स्थान पाना मेरे लिए गर्व की बात है।”
उल्लेखनीय है कि गांगुली से पहले सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीरेंद्र सहवाग, बिशन सिंह बेदी, कपिल देव, अनिल कुंबले, वीनू मांकड़, डायना एडुल्जी, नीतू डेविड और एमएस धोनी जैसे महान खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
५४ वर्षीय गांगुली ने १९९२ से २००८ तक भारत का प्रतिनिधित्व किया था। अपने १६ साल के अंतर्राष्ट्रीय करियर में उन्होंने ११३ टेस्ट और ३११ वनडे मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने ७२१२ रन बनाने के साथ-साथ ३२ विकेट लिए। वहीं, वनडे क्रिकेट में उन्होंने ११३६३ रन बनाने के साथ ही १०० विकेट चटकाए। गांगुली ने कप्तान के रूप में भी भारतीय क्रिकेट को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कप्तानी में भारत ने २००३ आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी।









