नई चंडीगढ़: आईपीएल २०२६ के ४०वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को ६ विकेट से हराया। जारी सीजन में यह पंजाब किंग्स की पहली हार है। इस हार के बावजूद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम ८ मैचों में १३ अंकों के साथ आईपीएल अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। वहीं नेट रन रेट के आधार पर तीसरे स्थान पर मौजूद राजस्थान रॉयल्स के ९ मैचों में १२ अंक हैं।
मंगलवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने २० ओवर में ४ विकेट खोकर २२२ रन बनाए। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए मार्कस स्टोइनिस ने नाबाद ६२ रन बनाए। उन्होंने २२ गेंदों में ६ छक्के और ४ चौके लगाए। इसके अलावा ओपनर प्रभसिमरन सिंह ने ४४ गेंदों में 59 रन बनाए। उन्होंने ६ चौके और १ छक्का लगाया। कूपर कोनोली और कप्तान श्रेयस अय्यर ने ३०-३० रन का योगदान दिया, जबकि प्रियांश आर्य ने ११ गेंदों में २९ रन बनाए। राजस्थान के गेंदबाजों में यश राज पुंज ने २ विकेट लिए।
इसके बाद २२३ रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने १९.२ ओवर में ४ विकेट पर २२८ रन बनाकर मैच जीत लिया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए डोनोवन परेरा ने नाबाद ५२ रन बनाए। उन्होंने २६ गेंदों में ६ चौके और ३ छक्के लगाए। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल ने २७ गेंदों में ५१ रन बनाए, जिसमें ७ चौके और १ छक्का शामिल था। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ १६ गेंदों में ४३ रन बनाए, जिसमें ५ छक्के और ३ चौके शामिल थे। शुभम दुबे ने १२ गेंदों में ३१ रन बनाए, जिसमें ३ चौके और २ छक्के शामिल थे। पंजाब के गेंदबाजों में युजवेंद्र चहल ने ३ विकेट लिए।










