३ करोड़ रुपये की ‘याबा’ टैबलेट के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
गुवाहाटी: नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में असम पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुस्तैद असम पुलिस ने करीब ३ करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत वाली ३०,००० प्रतिबंधित ‘याबा’ टैबलेट जब्त की हैं।
इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया पर इस कामयाबी की जानकारी साझा करते हुए श्रीभूमि पुलिस की पीठ थपथपाई है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने सोशल मीडिया पर चुटकी लेते हुए लिखा, “हर शिपमेंट का एक ठिकाना होता है, लेकिन इस बार इसका ठिकाना पुलिस स्टेशन बना।”
उन्होंने आगे लिखा, “लगभग ३ करोड़ रुपये मूल्य की ३०,००० याबा टैबलेट जब्त करने और तीन आरोपियों को पकड़ने के लिए श्रीभूमि पुलिस को बधाई। असम पुलिस की मुस्तैदी से अवैध व्यापार पर पानी फिर गया।”
राज्य को नशामुक्त बनाने के संकल्प के तहत असम पुलिस लगातार तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त कर रही है। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।










