गोगामुख: प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी ने असम में चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि यदि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सत्ता में आती है, तो वह घुसपैठियों की रक्षा के लिए नया कानून लाएगी।
प्रधानमंत्री ने गोगामुख में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य “बहुसंख्यक समुदाय को अल्पसंख्यक में बदलना और घुसपैठियों का स्थायी वोट बैंक तैयार करना” है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष २०१४ से पहले कांग्रेस केंद्र में ऐसा कानून लाने की कोशिश कर चुकी थी, जिसका राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने विरोध किया था।
मोदी ने कांग्रेस पर देश को विभाजन जैसी स्थिति की ओर ले जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी “मुस्लिम लीग की राह” पर चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान की भावना को ठेस पहुंचाई है।
बिस्वनाथ जिला के बेहाली में एक अन्य रैली में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को “विकास-विरोधी” और “भ्रष्टाचार की जननी” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में असम के संसाधनों का सही उपयोग नहीं हुआ, जबकि भाजपा सरकार राज्य के विकास के लिए संसाधनों का उपयोग कर रही है।
प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों को धार्मिक स्थलों और अन्य भूमि पर बसाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, ताकि एक वोट बैंक तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अवैध कब्जों को हटाने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है।
असम की १२६ विधानसभा सीटों के लिए ९ अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना ४ मई को की जाएगी।










