नई दिल्ली: असम में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राज्य से कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और बीजेपी में शामिल हो गए हैं।
असम में कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए यह राजनीतिक रूप से बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने बोरदोलोई के इस्तीफे को “दुर्भाग्यपूर्ण” बताया। उन्होंने कहा कि संभवतः वह टिकट बंटवारे को लेकर नाराज़ थे और अगर बातचीत का मौका मिलता तो स्थिति अलग हो सकती थी।
बीजेपी का राहुल गांधी पर हमला:
इस घटनाक्रम के बाद बीजेपी ने कांग्रेस और खासकर राहुल गांधी के नेतृत्व पर तीखा हमला बोला।
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि असम में कांग्रेस के नेता पार्टी छोड़ रहे हैं, जो राहुल गांधी और गौरव गोगोई की राजनीति के खिलाफ “खुला विद्रोह” है।
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता शहजाद जयहिंद ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पहले जनता, फिर सहयोगी और अब कांग्रेस के अपने नेता भी राहुल गांधी को “रिजेक्ट” कर रहे हैं।










