गुवाहाटी: गुवाहाटी पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत चार बांग्लादेशी नागरिकों और उन्हें संरक्षण देने वाले एक दलाल को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से अवैध घुसपैठ और भारत में जाली दस्तावेज बनाने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
दिसपुर पुलिस के अनुसार, पकड़े गए सभी बांग्लादेशी नागरिक आसिफ अली नामक दलाल की मदद से असम में दाखिल हुए थे। ये लोग पिछले १० अप्रैल से गुवाहाटी के ससल इलाके में छिपे हुए थे और वहां से मुंबई भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक महिला, एक पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि दलाल आसिफ अली ने इन बांग्लादेशी नागरिकों के लिए बरपेटा जिले से फर्जी मतदाता पहचान पत्र (वोटर कार्ड) बनवाए थे। फर्जी पहचान पत्रों के आधार पर घुसपैठ कराने के इस मामले ने सुरक्षा और चुनावी दस्तावेजों की सत्यता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने दलाल को भी हिरासत में ले लिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लाल रंग की टी-शर्ट पहने जिस व्यक्ति की पहचान आसिफ अली के रूप में हुई है, वही इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।









