सिलीगुड़ी। क्षेत्र में बढ़ रहे अवैध एवं गैर-कानूनी शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के भोरेर आलो थाना और जलपाईगुड़ी आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने एक विशेष अभियान चलाया। गजलडोबा चौकी अंतर्गत सरस्वतीपुर क्षेत्र में की गई इस संयुक्त छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब और उसके निर्माण में प्रयुक्त सामग्रियां बरामद की गईं।
इस सफल अभियान के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने ५० लीटर अवैध देशी शराब, ५४ प्लास्टिक के ड्रम तथा ३,२४० लीटर कच्चा लहन जप्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। बरामद की गई समस्त सामग्री का कुल अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹६,७३,००० बताया जा रहा है। सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के उत्पादन, भंडारण और बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





