ईटानगर में अत्याधुनिक ‘गवर्नर्स सचिवालय’ भवन का उद्घाटन
ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश की विकास और आधुनिकीकरण की यात्रा में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। प्रदेश की राजधानी ईटानगर स्थित लोक भवन में नवनिर्मित अत्याधुनिक ‘गवर्नर्स सचिवालय’ (राज्यपाल सचिवालय) भवन का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेन्ट जनरल (सेवानिवृत्त) के.टी. पर्नायक ने एक विशेष समारोह के बीच इस नवनिर्मित भवन को जनता के लिए समर्पित किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से यह सुखद समाचार साझा करते हुए मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने नए सचिवालय भवन के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री खांडू ने अपनी पोस्ट में लिखा है, “माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेन्ट जनरल के.टी. पर्नायकजी द्वारा जनता को समर्पित ईटानगर के लोक भवन स्थित गवर्नर्स सचिवालय अरुणाचल प्रदेश के बढ़ते बुनियादी ढांचे, प्रगति और आकांक्षाओं के प्रतीक के रूप में खड़ा है।”
इस भवन को प्रदेश की आधुनिक पहचान के रूप में प्रस्तुत करते हुए उन्होंने आगे जोड़ा, “यह एक ऐसा ऐतिहासिक मील का पत्थर है जो जनता के लिए निर्मित आधुनिक अरुणाचल को प्रतिबिंबित करता है और जनसेवा के लिए समर्पित है।”
इससे पहले, उद्घाटन समारोह के दौरान राज्यपाल पर्नायक ने नवनिर्मित भवन के अनावरण शिलालेख का पर्दा हटाकर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात राज्यपाल और मुख्यमंत्री खांडू ने सचिवालय भवन का निरीक्षण किया। साझा की गई तस्वीरों में उन्हें भवन के अत्याधुनिक बैठक कक्ष और अन्य बुनियादी ढाँचों का अवलोकन करते हुए देखा जा सकता है। मुख्यमंत्री खांडू ने इस अवसर की विभिन्न ६ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें भवन का भव्य बाहरी स्वरूप, बैठक कक्ष और उद्घाटन के क्षणों को कैद किया गया है।











