मुख्यमंत्री खांडू ने किया ऐलान
ईटानगर: लंबे समय से पर्यावरण के लिए एक बढ़ती चुनौती बने प्लास्टिक कचरे की समस्या से निपटने के लिए अरुणाचल प्रदेश सरकार ने एक बड़ा और वैज्ञानिक कदम उठाया है।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल के जरिए यह साझा किया है कि राज्य के तवांग जिले के जांग सब-डिवीजन के ल्हौ क्षेत्र में ५० लाख रुपये के निवेश से तैयार ‘व्यापक कचरा निपटान और प्लास्टिक कचरा प्रबंधन एवं रीसाइक्लिंग परियोजना’ की शुरुआत कर दी गई है। प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (पीएमकेकेकेवाई) के तहत विकसित की गई यह परियोजना क्षेत्र में वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के लिए बेहद जरूरी और आधुनिक बुनियादी ढांचा प्रदान करेगी।
इस पूरी परियोजना के केंद्र में एक आधुनिक ‘मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी’ (एमआरएफ) स्थापित की गई है, जो कचरे को कुशलतापूर्वक एकत्र करने, अलग-अलग श्रेणियों में बांटने, रिकवर करने और रीसाइकल करने का काम करेगी।

जल संसाधन विभाग द्वारा कार्यान्वयन की गई इस परियोजना का संचालन स्थानीय युवाओं के संगठन ‘हिमालयन इंडिजिनियस यूथ ऑर्गनाइजेशन’ द्वारा किया जाएगा, जिससे न केवल पर्यावरण साफ रहेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने भरोसा जताया है कि यह परियोजना तवांग को पूरी तरह स्वच्छ रखने और प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने की दिशा में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत एक मील का पत्थर साबित होगी।










