काबुलः अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर अस्थायी युद्धविराम समाप्त होने के बाद बुधवार को फिर से गोलीबारी शुरू हो गई। अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से में हुए इस संघर्ष में कम से कम दो नागरिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। यह जानकारी अफगान तालिबान अधिकारियों ने दी।
कुनार प्रांत में सूचना और संस्कृति विभाग के प्रवक्ता जिया-उर-रहमान स्पिंगहर ने बताया कि मुस्लिमों के त्योहार ईद-उल-फितर से पहले दोनों पक्षों ने संक्षिप्त संघर्षविराम की घोषणा की थी। इसके समाप्त होते ही पाकिस्तानी बलों ने नराई और सरकानो जिलों में दर्जनों तोप के गोले दागे। इसके जवाब में अफगान सीमा बलों ने भी कार्रवाई की। स्पिंगहर ने दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तान की तीन सैन्य चौकियों को तबाह किया और एक व्यक्ति को मार गिराया।
हालांकि, उनके दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पाकिस्तान की सेना की ओर से इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई। उत्तर-पश्चिम में पाकिस्तान के स्थानीय अधिकारियों ने अफगान बलों पर कई क्षेत्रों में गोलीबारी शुरू करने का आरोप लगाया।
सऊदी अरब, तुर्की और कतर के अनुरोध पर अफगानिस्तान में पाकिस्तानी हवाई हमलों पर रोक लगाने को लेकर दोनों पक्षों के सहमति जताने के लगभग एक सप्ताह बाद यह हिंसा हुई।










