नयी दिल्ली: भारत ने अफगान क्षेत्र में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसकी तीव्र शब्दों में निंदा की है। भारत सरकार ने इस सैन्य कार्रवाई को अफगानिस्तान की संप्रभुता का खुला उल्लंघन बताते हुए इसे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए एक गंभीर खतरा करार दिया है। इस हमले में निर्दोष नागरिकों, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की मौत पर भारत ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
अफगानिस्तान के अनुसार, इन हमलों में कम से कम ३५ आम नागरिकों की जान गई है, जबकि पाकिस्तानी सेना ने इससे पहले २९ लड़ाकों को ढेर करने का दावा किया था। भारत ने अपने आधिकारिक बयान में पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी आंतरिक विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए लगातार इस तरह की हिंसक सीमा पार कार्रवाइयों का सहारा लेता रहा है। इसके साथ ही भारत ने अफगानिस्तान की स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपने पूर्ण समर्थन को एक बार फिर दोहराया है।









