नई दिल्ली: अफगानिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच और ३ मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। मंगलवार को गुवाहाटी में हुई पुरुष चयन समिति की बैठक के बाद दोनों टीमों का ऐलान किया गया। अफगानिस्तान के खिलाफ इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेलेंगे। दोनों देशों के बीच यह सीरीज आईपीएल २०२६ की समाप्ति के बाद खेली जाएगी।
सीरीज का पहला वनडे मैच १४ जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद अगले दो मैच क्रमशः १७ और २० जून को लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे। भारतीय वनडे टीम में प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ को पहली बार मौका मिला है। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की भी वनडे टीम में वापसी हुई है, लेकिन सीरीज में उनकी भागीदारी फिटनेस पर निर्भर करेगी। इसके साथ ही रोहित शर्मा की उपलब्धता भी उनकी फिटनेस पर ही निर्भर रहेगी। इस सीरीज में शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि श्रेयस अय्यर उपकप्तान होंगे। केएल राहुल के साथ ईशान किशन को विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में टीम में शामिल किया गया है।
वनडे सीरीज से पहले दोनों देशों के बीच एकमात्र टेस्ट मैच मुल्लांपुर में ६ से १० जून तक खेला जाएगा। टेस्ट टीम में ऋषभ पंत से उपकप्तानी छीन ली गई है और उनकी जगह केएल राहुल को नया उपकप्तान नियुक्त किया गया है।
भारतीय वनडे टीम इस प्रकार है:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।
भारतीय टेस्ट टीम इस प्रकार है:
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़।








