अनुभवी दानिल मेदवेदेव को उलटफेर का शिकार बनाने में सफल ब्रैंडन नाकाशिमा

IMG-20260819-WA0194

सिनसिनाटी: अमेरिका के टेनिस स्टार ब्रैंडन नाकाशिमा ने अपनी बेहतरीन लय जारी रखते हुए सिनसिनाटी ओपन २०२६ में बड़ा उलटफेर किया है। नाकाशिमा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूर्व चैंपियन और २३ बार के एटीपी खिताब विजेता रूस के दानिल मेदवेदेव को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। अमेरिकी खिलाड़ी ने इस रोमांचक मैच में ३ मैच पॉइंट बचाए और ६-७ (३), ७-६ (४), ६-१ से जीत दर्ज कर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
​मैच में नाकाशिमा एक समय हार के बेहद करीब पहुंच चुके थे। दूसरे सेट में जब वह ४-५ के स्कोर पर सर्विस कर रहे थे, उस समय मेदवेदेव ने स्कोर ०-४० पहुंचा दिया था। इस तरह नाकाशिमा के सामने बचाने के लिए लगातार ३ मैच पॉइंट थे। इतने भारी दबाव के बावजूद अमेरिकी खिलाड़ी ने अपना धैर्य नहीं खोया। उन्होंने असाधारण शॉट-मेकिंग और आक्रामक खेल के दम पर तीनों मैच पॉइंट बचाए और दूसरा सेट टाईब्रेकर में जीतकर मैच को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया।
​तीसरे सेट में नाकाशिमा ने मेदवेदेव को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए ६-१ से सेट जीता और अगले दौर में अपनी जगह पक्की की। यह मैच २ घंटे ५१ मिनट तक चला।
​शीर्ष १० में शामिल खिलाड़ियों के खिलाफ नाकाशिमा की यह पांचवीं जीत है। नाकाशिमा बेहद शानदार लय के साथ सिनसिनाटी पहुंचे हैं। उन्होंने पिछले सप्ताह मॉन्ट्रियल में पहली बार एटीपी मास्टर्स १००० के फाइनल में जगह बनाई थी। इससे पहले अगस्त में वह वाशिंगटन में सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन का फायदा उन्हें एटीपी रैंकिंग में भी मिला है, जहां वह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ २२वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।
​चौथे राउंड में नाकाशिमा का मुकाबला नूनो बोर्गेस से होगा। बोर्गेस ने १३वीं वरीयता प्राप्त आंद्रे रुबलेव के खिलाफ ६-३, ६-४ से सीधे सेटों में जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही उन्होंने रुबलेव के खिलाफ लगातार ५ मैचों से चले आ रहे हार के क्रम को भी तोड़ दिया।
​इस बीच, अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज़ ने घरेलू दर्शकों के सामने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने स्पेन के उभरते हुए खिलाड़ी डेनियल मेरिटा को ६-३, ६-४ से सीधे सेटों में हरा दिया। फ्रिट्ज़ ने हाल ही में वाशिंगटन में एटीपी ५०० का खिताब जीता था। अगले दौर में उनका सामना ऑस्ट्रेलिया के क्वालिफायर क्रिस्टोफर ओ’कॉनेल से होगा।

About Author

Advertisement