कोलकाता: पश्चिम बंगाल में उद्योग, रोजगार और स्वास्थ्य सेवा को नया आयाम देने के उद्देश्य से कई बड़े प्रोजेक्ट्स की महत्वपूर्ण घोषणा की गई है।
अडानी समूह जल्द ही न्यू टाउन में २००० बेड की क्षमता वाला एक अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का काम तेज़ी से शुरू करने जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को बताया कि समूह ने राज्य सरकार को इस परियोजना को समय पर पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया है। अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली इस स्वास्थ्य सुविधा में १००० बेड असहाय और गरीब मरीजों के मुफ़्त इलाज के लिए आरक्षित रखे जाएंगे, जबकि शेष १००० बेड कमर्शियल (व्यावसायिक) तौर पर संचालित होंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र के अलावा औद्योगिक विस्तार को गति देने के लिए दो और प्रमुख प्रोजेक्ट्स का ऐलान किया गया है। सिलिकॉन वैली क्षेत्र में एलएंडटी (लार्सन एंड टुब्रो) ग्रुप के नए प्रोजेक्ट का जल्द ही उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही औद्योगिक विकास और क्षेत्रीय निवेश को बढ़ावा देने के लिए आगामी १४ अक्टूबर को हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स (एचपीएल) के ६००० करोड़ रुपये की लागत वाले नए प्लांट का उद्घाटन किया जाएगा। इस बड़े निवेश से राज्य में बड़े पैमाने पर नए रोज़गार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।










