अंतिम समय में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का दार्जिलिंग दौरा रद्द

IMG-20261007-WA0052

​दार्जिलिंग: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का बुधवार को दार्जिलिंग दौरा करने का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अंतिम समय में रद्द हो गया है। गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के २०वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए उनके दार्जिलिंग आने का कार्यक्रम तय हुआ था। मंगलवार शाम पश्चिम बंगाल सुरक्षा निदेशालय द्वारा जारी सूचना में मुख्यमंत्री के दार्जिलिंग जिला दौरे से संबंधित निर्धारित कार्यक्रम को रद्द करने की जानकारी दी गई थी। मुख्यमंत्री के बुधवार दोपहर लगभग २ बजे कोलकाता से बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचने का कार्यक्रम था। उनके दौरे को लेकर दार्जिलिंग में प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई थीं। लेबोंग और सेंट जोसेफ स्कूल के मैदान में निरीक्षण और पूर्वाभ्यास भी किया गया था। प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बुधवार सुबह ८ बजे से शाम ७ बजे तक यातायात पर प्रतिबंध लगाने की सूचना जारी की थी। इसके साथ ही लेबोंग कार्ट रोड के कई स्कूल भी बुधवार को बंद रहने की बात कही गई थी। सिलीगुड़ी से दार्जिलिंग, खरसांग तथा खरसांग से सिलीगुड़ी जाने वाली गाड़ियों की आवाजाही भी प्रभावित होने की उम्मीद थी।
​मुख्यमंत्री का दौरा रद्द होने से गोजमुमो के लिए राजनीतिक रूप से एक महत्वपूर्ण अवसर हाथ से निकल जाने की बात कही जा रही है। उनका मानना था कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी से पहाड़ियों में गोरखा जनमुक्ति मोर्चा का प्रभाव फिर से स्थापित कर मजबूत बनने का संदेश दिया जा सकता था। गोजमुमो अध्यक्ष बिमल गुरुंग के नेतृत्व में गोरखा जनमुक्ति मोर्चा की स्थापना ७ अक्टूबर २००७ को दार्जिलिंग में हुई थी। आज गोरखा जनमुक्ति मोर्चा अपना २०वां स्थापना दिवस दार्जिलिंग में मना रहा है।

About Author

Advertisement