नई दिल्ली: फीफा विश्व कप २०२६ से पहले खेले गए मैत्रीपूर्ण मैचों में क्रोएशिया और कोलंबिया ने शानदार जीत हासिल की है जबकि नॉर्वे की टीम ड्रॉ पर रुक गई है। अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में होने वाले विश्व कप के लिए रवाना होने से पहले क्रोएशिया ने अपने घरेलू मैदान पर जीत के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। क्रोएशिया ने एक रोमांचक मुकाबले में स्लोवेनिया को २-१ से पराजित किया। भाराजदिन में खेले गए इस मैच में क्रोएशिया के दिग्गज खिलाड़ी और कप्तान लुका मोड्रिच ने ५१वें मिनट में गोल करके अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई थी। ४० वर्षीय मोड्रिच का यह राष्ट्रीय टीम के लिए १९८वां मैच था और यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का २९वां गोल है। इसके बाद ८३वें मिनट में स्लोवेनिया के एंड्राज स्पोरार ने गोल करके मैच को १-१ की बराबरी पर ला खड़ा किया। जब मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के तीसरे मिनट में मारियो पासालिक ने गोल दागकर क्रोएशिया को एक यादगार जीत दिला दी। विश्व कप के ग्रुप एल में शामिल क्रोएशिया अपना पहला मैच १८ जून को इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगा।
इसी तरह एक अन्य मुकाबले में कोलंबिया ने जॉर्डन को २-० से हरा दिया। विजेता टीम के लिए दोनों गोल जॉन एरिएस ने मैच के ४१वें और ५५वें मिनट में किए। मैच के अंतिम क्षणों में जॉर्डन के खिलाड़ी अमेर जामौस को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया।
दूसरी ओर न्यूयॉर्क में मोरक्को और नॉर्वे के बीच खेला गया मैच १-१ की बराबरी पर समाप्त हुआ। मैच के आठवें मिनट में ही रियल मैड्रिड के फॉरवर्ड ब्राहिम डियाज ने गोल करके मोरक्को को शुरुआती बढ़त दिला दी थी। मोरक्को की टीम इस बढ़त को मैच के अंत तक बनाए रखने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अंतिम १५ मिनट के खेल में नॉर्वे ने वापसी कर ली। आर्सेनल के कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड ने ७५वें मिनट में शानदार गोल करते हुए नॉर्वे को बराबरी पर ला दिया। इस मैच के दौरान मोरक्को की मुश्किलें उस समय बढ़ गईं जब उसके दो प्रमुख खिलाड़ी चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। मैनचेस्टर यूनाइटेड के नाउसेर माजराउई और रियल बेटिस के विंगर अब्दे एजालजोउली को चोट के कारण खेल बीच में ही छोड़ना पड़ा। पूरे २८ साल के लंबे अंतराल के बाद विश्व कप में वापसी करने वाली नॉर्वे की टीम को इस बार टूर्नामेंट की ‘डार्क हॉर्स’ माना जा रहा है, जबकि मोरक्को लगातार विश्व कप का हिस्सा बन रहा है। साल २०२२ के विश्व कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाला मोरक्को इस बार भी अपने उसी प्रदर्शन को दोहराने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।










