विकेटविहीन बुमराह के समर्थन में आए अश्विन, हार्दिक पांड्या की कप्तानी पर उठाए सवाल

IMG-20260413-WA0060

मुंबई: जसप्रीत बुमराह जैसे घातक गेंदबाज का लगातार पांच आईपीएल मैचों तक एक भी विकेट न ले पाना क्रिकेट जगत के लिए किसी आश्चर्य से कम नहीं है। आईपीएल २०२५ के आखिरी मैच से लेकर आईपीएल २०२६ के शुरुआती चार मैचों तक बुमराह का विकेट का कॉलम खाली रहा है। क्रिकबज के आंकड़ों के अनुसार, उन्होंने पिछली १२२ गेंदों से कोई सफलता हासिल नहीं की है, जो उनके आईपीएल करियर का सबसे लंबा विकेटविहीन स्पेल है।
इस बीच, भारतीय दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बुमराह का बचाव करते हुए इस पूरे मामले को अलग नजरिए से देखने की सलाह दी है। अश्विन का मानना है कि केवल विकेट न मिल पाने को मुद्दा बनाना टीम के लिए हानिकारक साबित हो सकता है। उनके अनुसार, वानखेड़े जैसे स्टेडियम में रन रोकना और सटीक यॉर्कर डालना, विकेट लेने से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टी२० क्रिकेट में गेंदबाजी एक साझेदारी होती है और जब किसी गेंदबाज को लगातार ओवर नहीं मिलते, तो विकेट लेने की क्षमता टीम के अन्य गेंदबाजों के प्रदर्शन पर भी निर्भर करती है।
भले ही बुमराह विकेट नहीं चटका पा रहे हैं, लेकिन उनकी किफायती गेंदबाजी मुम्बई इंडियंस के लिए अब भी बड़ी राहत बनी हुई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ मैच में, जहां विपक्षी टीम ने २४० रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया, वहां बुमराह ने ४ ओवर में मात्र ३५ रन देकर खुद को सबसे कंजूस गेंदबाज साबित किया। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ उन्होंने केवल २१ रन और केकेआर के खिलाफ ३५ रन खर्च किए थे, हालांकि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ वे थोड़े महंगे जरूर साबित हुए।
बुमराह का समर्थन करने के साथ ही अश्विन ने कप्तान हार्दिक पांड्या के फैसलों पर तीखा प्रहार किया है। अश्विन ने रजत पाटीदार के खिलाफ अपनाई गई रणनीति को गलत बताते हुए कहा कि जब पाटीदार जैसा स्पिनर्स पर हावी होने वाला बल्लेबाज क्रीज पर था, तब मयंक मार्कंडेय को गेंदबाजी देना बुद्धिमानी भरा फैसला नहीं था। पाटीदार ने इस मौके का फायदा उठाते हुए मार्कंडेय के ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े, जिससे मैच मुम्बई के हाथ से फिसल गया। अश्विन के अनुसार, मुम्बई के स्पिनरों द्वारा ६ ओवर में ८३ रन लुटाना ही हार का मुख्य कारण बना, जिसके परिणामस्वरूप मुम्बई को आरसीबी के हाथों १८ रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी।

About Author

Advertisement