इंफाल: मणिपुर के उखरुल जिला में बीएसएफ जवान की हत्या के बाद सुरक्षा बलों ने लगातार तीसरे दिन संयुक्त तलाशी अभियान तेज कर दिया है। इस दौरान उग्रवादियों द्वारा बनाए गए २१ अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल के कांस्टेबल मिथुन मंडल की शुक्रवार को गश्त के दौरान अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों ने व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
अभियान के दौरान सिकिबुंग गांव में १४ और मोंगकोट चेपु गांव में ७ बंकर ध्वस्त किए गए। ये बंकर उग्रवादी संगठनों द्वारा सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर हमले के लिए बनाए गए थे।
एक अन्य अभियान में तेंगनौपाल जिला के म्यांमार सीमा से सटे इलाकों से हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए। बरामद सामग्री में दो ९ एमएम पिस्तौल, १३ आईईडी, कॉम्बैट यूनिफॉर्म और अन्य सामान शामिल हैं। सभी आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।

इस बीच, चुराचांदपुर जिला में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से मादक पदार्थ, वाहन और अन्य सामग्री जब्त की है।
राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में १०९ नाके लगाए गए हैं और प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को सुरक्षा बलों की निगरानी में सुनिश्चित किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री साझा न करने की अपील की है।









