आइसलैंड के पूर्व गोलकीपर इंगवार जॉनसन का निधन

IMG-20261128-WA0047

नई दिल्ली: आइसलैंड फुटबॉल टीम के पूर्व गोलकीपर इंगवार जॉनसन का ३७ वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह २०१६ में आयोजित यूरोपीय चैंपियनशिप (यूरो कप) में आइसलैंड की टीम का हिस्सा थे। उस टूर्नामेंट में आइसलैंड ने इंग्लैंड को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।
जॉनसन के निधन की जानकारी उनके पूर्व क्लब विकिंगुर ने दी। हालांकि, क्लब ने उनके निधन का कारण नहीं बताया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जॉनसन को इसी साल कैंसर होने का पता चला था।
जॉनसन के निधन पर उनके पूर्व क्लब विकिंगुर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। क्लब ने कहा, “हमें अपने प्रिय मित्र और साथी खिलाड़ी इंगवार जॉनसन के निधन की खबर देते हुए बेहद दुख हो रहा है। उन्होंने अपने परिवार और प्रियजनों के बीच अंतिम सांस ली। इस मुश्किल समय में क्लब और विकिंगुर परिवार उनके परिवार तथा प्रियजनों के साथ खड़ा है।”
उल्लेखनीय है कि जॉनसन २०१६ के यूरो कप में आइसलैंड की टीम में शामिल थे। टीम का हिस्सा होने के बावजूद उन्हें टूर्नामेंट में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। उस टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में आइसलैंड ने इंग्लैंड को २-१ से हराकर सभी को चौंका दिया था। इस मुकाबले को यूरो कप के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक माना जाता है। हालांकि, बाद में क्वार्टर फाइनल में आइसलैंड को मेजबान फ्रांस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
यूरोपीय फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था यूईएफए ने भी इंगवार जॉनसन के निधन पर शोक व्यक्त किया है। यूईएफए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर उनके परिवार, मित्रों और पूर्व साथियों के प्रति संवेदना जताई।
उल्लेखनीय है कि जॉनसन ने अपने करियर में आइसलैंड की ओर से छह मैच खेले थे।

About Author

Advertisement