पर्म परमाणु पनडुब्बी रूसी नौसेना में शामिल

6b0a86c93d85c-putin-commissions-nuclear-submarine-284615988-16x9

जिरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइल से लैस

​मास्को: रूस ने हाइपरसोनिक मिसाइल ले जाने में सक्षम नई परमाणु-संचालित पनडुब्बी ‘पर्म’ को अपनी नौसेना में औपचारिक रूप से शामिल कर लिया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बीते शुक्रवार उत्तर-पश्चिमी रूस के सेवेरोडविंस्क स्थित सेवमाश शिपयार्ड में ध्वजारोहण समारोह में भाग लेकर पनडुब्बी नौसेना को सौंपी। इसे रूसी जिरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइलों से लैस पहली पनडुब्बी बताया गया है।
​रूसी नौसेना की चौथी पीढ़ी की हमलावर परमाणु पनडुब्बी ‘पर्म’ प्रोजेक्ट ८८५ श्रृंखला का छठा पोत है और इसे उन्नत प्रोजेक्ट ८८५एम (यासेन-एम श्रेणी) के तहत तैयार किया गया है। यूराल पर्वत के पास बसे शहर के नाम पर इस नाम की यह दूसरी पनडुब्बी है; इससे पूर्व प्रोजेक्ट ६७१आरटीएमके श्रेणी की ‘बी-२९२ पर्म’ नामक पनडुब्बी सेवा में रह चुकी है।
​राष्ट्रपति पुतिन के अनुसार वर्ष २०३० तक रूसी नौसेना में पांच और परमाणु-संचालित पनडुब्बियां शामिल की जाएंगी, जिनमें यासेन-एम श्रेणी की तीन पनडुब्बियां होंगी। किसी भी महासागर में कार्य करने में सक्षम ये पनडुब्बियां विविध क्रूज मिसाइलें ले जा सकती हैं और परमाणु हमले की स्थिति में जवाबी कार्रवाई (सेकंड-स्ट्राइक) की क्षमता को मजबूती देती हैं।
​पनडुब्बी में लगी ३एम२२ जिरकॉन हाइपरसोनिक मिसाइल को युद्धपोतों और जमीनी ठिकानों पर सटीक हमले के लिए विकसित किया गया है। इसकी मारक क्षमता ४०० से १,००० किलोमीटर तक होने के अलग-अलग दावे हैं तथा इसके वारहेड का वजन लगभग ३००–४०० किलोग्राम बताया गया है। राष्ट्रपति पुतिन ने जिरकॉन की गति ध्वनि की गति से नौ गुना तेज बताई है।

About Author

Advertisement