नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर अपनी पार्टी के सांसद और लोकसभा में मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) कल्याण बनर्जी का निलंबन रद्द करने की मांग की है। उन्होंने आगामी ३० नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में कल्याण बनर्जी की उपस्थिति को बेहद जरूरी बताते हुए यह आग्रह किया है।
अभिषेक बनर्जी ने पत्र में स्पष्ट किया है कि मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं होने के कारण कल्याण बनर्जी का निलंबन अभी तक प्रभावी है। कल्याण बनर्जी को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए २२ जुलाई २०२६ को सदन की कार्यवाही से निलंबित किया गया था। १३ अगस्त २०२६ को सत्र को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन इसका विधिवत सत्रावसान नहीं किया गया। इसी वजह से ३० नवंबर २०२६ को सदन की आगामी बैठक के बावजूद उनका निलंबन बरकरार है।
पत्र में कहा गया है कि निलंबन जारी रहने से कल्याण बनर्जी सदन की कार्यवाही में भाग लेने और एक निर्वाचित सदस्य व पार्टी के मुख्य सचेतक के रूप में अपनी संसदीय जिम्मेदारियों का निर्वहन करने से वंचित रह जाएंगे।
इसके समाधान के लिए अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा में प्रक्रिया तथा कार्य-संचालन नियमों के नियम ३७४ (२) का हवाला दिया है। इस नियम के तहत सदन किसी भी समय प्रस्ताव लाकर किसी सदस्य के निलंबन को समाप्त करने का संकल्प ले सकता है। उन्होंने स्पीकर से अनुरोध किया है कि वे आगामी बैठकों को ध्यान में रखते हुए कल्याण बनर्जी के निलंबन को समाप्त करने के प्रस्ताव पर शीघ्र विचार करें।





