पारंपरिक पक्की सड़कों से बेहतर साबित
ताइपे: ताइवान ने बेकार पड़े रबर टायरों के चूरे का उपयोग कर डामर की सड़क बनाकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। प्रयोग के तौर पर बनाई गई यह सड़क पारंपरिक पक्की सड़कों की तुलना में अधिक मजबूत साबित हुई है। इस सफलता से उत्साहित होकर ताइवान का राष्ट्रीय राजमार्ग ब्यूरो अब ऐसी कई अन्य सड़कें बनाने की योजना तैयार कर रहा है।
‘साइन्सडायरेक्ट’ में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, ताइवान के राष्ट्रीय राजमार्ग ब्यूरो ने दिसंबर २००० और मई २००१ में रबर मिश्रित डामर सड़क के दो परीक्षण खंड तैयार किए थे। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध बेकार टायरों के चूरे को अलग-अलग मात्रा और दो भिन्न बनावट के साथ डामर के मिश्रण में मिलाकर यह निर्माण किया गया था।
निर्माण के पश्चात शोधकर्ताओं और विशेषज्ञों के दल ने चार वर्षों तक इन सड़क खंडों की निरंतर निगरानी और मैदानी मूल्यांकन किया। चार साल के गहन अध्ययन के बाद वैज्ञानिकों ने पाया कि रबर-डामर मिश्रण से बनी सड़क ने पारंपरिक डामर और सीमेंट की सड़कों की तुलना में कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है।
इस सफल प्रयोग से ताइवान में बेकार पड़े रबर टायरों के विशाल ढेर के निस्तारण और सड़क निर्माण में स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग का मार्ग प्रशस्त हो गया है।





