केन विलियमसन बने डरबन सुपर जायंट्स के मुख्य कोच

IMG-20261126-WA0051

नई दिल्ली: डरबन सुपर जायंट्स ने एसए२० के २०२७ सीजन के लिए न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन को अपना नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। वह टीम में लांस क्लूजनर की जगह लेंगे। इससे पहले विलियमसन खिलाड़ी के रूप में इस टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अब नई जिम्मेदारी के साथ विलियमसन खिलाड़ी से कोच की भूमिका में नजर आएंगे। किसी टीम के मुख्य कोच के रूप में यह उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।
क्लूजनर एसए२० लीग के पहले सीजन (२०२३) से ही डरबन सुपर जायंट्स के मुख्य कोच थे। उनके पद छोड़ने के बाद फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी कर विलियमसन की नियुक्ति की पुष्टि की।
विलियमसन ने इससे पहले २०२५ और २०२६ सीजन में डरबन सुपर जायंट्स की ओर से खेला था। इस दौरान उन्होंने १५ मैचों में ३४३ रन बनाए थे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें आगामी सीजन के लिए खिलाड़ी के रूप में रिटेन भी किया था, लेकिन अब उन्हें मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
फ्रेंचाइजी के अनुसार, मुख्य कोच के रूप में विलियमसन अपने साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का लंबा अनुभव, खेल की गहरी समझ और शीर्ष स्तर पर कप्तानी का अनुभव लेकर आएंगे। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि उनके मार्गदर्शन में डरबन सुपर जायंट्स अपने प्रदर्शन में निरंतरता लाने के साथ खिताब जीतने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
डरबन सुपर जायंट्स में विलियमसन अन्य कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर काम करेंगे। टीम के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी हैं। वहीं, रयान कुक बल्लेबाजी कोच, भरत अरुण तेज गेंदबाजी कोच, कार्ल क्रो स्पिन गेंदबाजी कोच और कुशेन किशन फील्डिंग कोच हैं।
केन विलियमसन ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड के पहले टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वह टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने ११० टेस्ट मैचों में ५४.०६ की औसत से ९५१५ रन बनाए हैं। इसके अलावा, विलियमसन के नाम १७५ वनडे मैचों में ७२५६ रन और ९३ टी२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में २५७५ रन दर्ज हैं।

About Author

Advertisement