इजरायल के लिए अपरिहार्य शक्ति बन चुका है भारत

IMG_c00bc558-a494-451f-b2c1-698491c2af66

२६/११ मुंबई हमले की १८वीं बरसी पर इजरायली विशेषज्ञ का विश्लेषण

​तेल अवीव। वर्ष २००८ में भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई पर हुए भीषण आतंकी हमले के १८ वर्ष पूरे हो गए हैं। पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा अंजाम दिए गए इस हमले में यहूदी केंद्र ‘नरीमन हाउस’ को भी निशाना बनाया गया था, जिसने यह स्पष्ट कर दिया था कि भौगोलिक रूप से दूर होने के बावजूद भारत और इजरायल एक ही तरह के आतंकवाद से पीड़ित हैं।
​इस अवसर पर इजरायल की भू-राजनीतिक विशेषज्ञ डॉ. लॉरेन डेगन एमोस ने कहा है कि भारत अब इजरायल के लिए केवल एक मित्र राष्ट्र ही नहीं, बल्कि उसके भविष्य के लिए एक अपरिहार्य रणनीतिक ताकत बन चुका है। प्रतिष्ठित इजरायली समाचार पत्र ‘द जेरूसलम पोस्ट’ में प्रकाशित अपने लेख में उन्होंने दोनों देशों के बीच बदलते सामरिक समीकरणों का विस्तार से विश्लेषण किया है।
​आतंकवाद का साझा दर्द और भारत की आक्रामक नीति
डॉ. एमोस के अनुसार, २६/११ का मुंबई हमला हो या ७ अक्टूबर २०२३ को इजरायल पर हमास द्वारा किया गया आतंकी हमला (जिसमें १,२०० से अधिक लोग मारे गए थे), दोनों ही देशों ने समान प्रकृति के आतंकवाद का दंश झेला है। मुंबई हमले ने भारत के खुफिया तंत्र, तटीय सुरक्षा और संकटकालीन प्रतिक्रिया की खामियों को उजागर किया था, जिसके बाद भारत ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी का गठन कर अपनी सुरक्षा प्रणाली को सुदृढ़ किया। ७ अक्टूबर के हमले ने इजरायल के समक्ष भी ऐसी ही चुनौतियां खड़ी की हैं।
​उन्होंने लिखा है कि आतंकवाद के प्रति भारत की प्रतिक्रिया में आए बड़े बदलाव से इजरायल काफी कुछ सीख सकता है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सीमा पार आतंकवाद का जवाब अब सीधे सैन्य कार्रवाई से दिया जाएगा, भले ही इससे दो परमाणु संपन्न देशों के बीच तनाव क्यों न बढ़ जाए।
​पाकिस्तान के साथ चीन भी बड़ी चुनौती
इजरायली दृष्टिकोण से भारत-पाकिस्तान संघर्ष का विश्लेषण करते हुए डॉ. एमोस ने चीन की भूमिका को भी रेखांकित किया है। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष २०२१ से २०२५ के बीच पाकिस्तान के पारंपरिक हथियारों के आयात में चीन की हिस्सेदारी ८० प्रतिशत रही है। ऐसे में भारत के लिए चुनौती केवल पाकिस्तान तक सीमित न रहकर चीन तक विस्तृत हो चुकी है।
​केवल बाजार नहीं, भरोसेमंद रक्षा साझेदार
डॉ. एमोस का मानना है कि पहले इजरायल भारत को अपने रक्षा उत्पादों के एक बड़े ग्राहक या बाजार के रूप में देखता था, किंतु अब यह परिदृश्य पूरी तरह बदल चुका है। भारत अब आत्मनिर्भरता के लक्ष्य के साथ अपनी घरेलू रक्षा औद्योगिक क्षमता विकसित कर रहा है और विदेशी आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भरता कम कर रहा है।
​दूसरी ओर, निरंतर जारी संघर्षों के कारण हथियार उत्पादन की चुनौतियों से जूझ रहा इजरायल अब ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत भारत के साथ मिलकर संयुक्त रूप से ड्रोन, मिसाइल प्रणाली और आधुनिक निगरानी उपकरणों का निर्माण कर रहा है। लेख के अंत में उन्होंने निष्कर्ष दिया है कि जब पश्चिमी देश इजरायल पर राजनीतिक दबाव बना रहे हैं और हथियारों की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगा रहे हैं, तब भारत एक स्थिर, व्यावहारिक और विश्वसनीय रणनीतिक साझेदार के रूप में उभरा है।

About Author

Advertisement