कोलकाता। वर्ष २००८ में २६ नवंबर को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले की बरसी के अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस हमले में जान गंवाने वाले लोगों और देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “२६/११ के मुंबई आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति मैं हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। साथ ही देश की अखंडता और सुरक्षा की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीरों को विनम्र नमन करता हूं।”
उल्लेखनीय है कि २६ नवंबर, २००८ को पाकिस्तान से आए लश्कर-ए-तैयबा के १० आतंकवादियों ने मुंबई के विभिन्न स्थानों पर समन्वित हमला किया था। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताजमहल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस और लियोपोल्ड कैफे सहित कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया गया था।
२६ से २९ नवंबर तक चले इस भीषण आतंकी हमले में १६६ निर्दोष लोगों की जान चली गई थी, जबकि ३०० से अधिक लोग घायल हुए थे। सुरक्षा बलों ने अभियान चलाकर आतंकवादियों का डटकर सामना किया था, जिस दौरान कई पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने भी देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।





