काठमांडू: नेपाल और भारत के बीच हवाई मार्ग (एयर रूट) को बेहतर किया जाएगा। दोनों देश काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को दोनों दिशाओं में चालू करने (टू-वे) पर सहमत हुए हैं। अभी तक यह रूट सिर्फ एक तरफ से चलता है यानी वन-वे है। नेपाल के पीएम बालेन शाह के भारत के हालिया दो दिन के दौरे से जो अहम नतीजे निकले हैं, उनमें से यह भी एक है। इससे दोनों करीबी पड़ोसियों के बीच कनेक्टिविटी में सुधार होगा। यह रूट दोनों देशों के बीच कई वर्षों से चर्चा में रहा है।
काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, नेपाल ने १७ साल पहले भारत से अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय हवाई एंट्री प्वाइंट की मांग की थी, ताकि सिमारा में हवाई यातायात का दबाव कम हो और देश के दो नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर उड़ानों को आसान बनाया जा सके। अब तकनीकी पहलू दोनों देशों के उड्डयन प्राधिकरणों को तय करने हैं। खासतौर से उस उड़ान ऊंचाई पर चीजें तय होनी हैं, जिसे विमानों को भारतीय हवाई क्षेत्र से नेपाल में प्रवेश करते समय बनाए रखना होगा।
दोनों देश मौजूदा एकतरफा बी३४५ काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग को दोतरफा बनाने पर सहमत हो गए हैं। इसके तौर-तरीकों को अंतिम रूप देने के लिए दोनों पक्ष तकनीकी परामर्श करेंगे।
नेपाल के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने नागरिक उड्डयन से जुड़े उन मुद्दों पर चल रही चर्चाओं का संज्ञान लिया, जिनका उद्देश्य कनेक्टिविटी बढ़ाना और दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि मौजूदा एकतरफा बी३४५ काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ मार्ग को अब दोनों दिशाओं में चालू किया जाएगा।
बालेन शाह के दिल्ली में करीब २५ घंटे के दौरे के बाद सोमवार को इस समझौते की जानकारी दी गई है। इस सहमति को कई विमानन विशेषज्ञों ने एक बड़ी उपलब्धि माना है। हालांकि यह एक शुरुआत है। इसका कामयाब होना काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि नेपाल आने वाली बैठकों में भारत के साथ तकनीकी विवरणों पर कितनी सफलतापूर्वक बातचीत कर पाता है।
इस मामले में सबसे बड़ी चिंता विमानों की उड़ान की ऊंचाई (एल्टीट्यूड) को लेकर है। नेपाल और भारत के बीच पूर्व में यह सहमति बनी थी कि सिमारा के रास्ते नेपाल में प्रवेश करने वाले विमान सीमा पर २१,००० फीट की ऊंचाई बनाए रखेंगे, क्योंकि भारतीय सीमा की तरफ एक सैन्य अड्डा मौजूद है।
एक्सपर्ट का कहना है कि भैरहवा में उतरने के लिए विमानों को भारतीय हवाई क्षेत्र में कम ऊंचाई पर उड़ना पड़ता है, क्योंकि यह एयरपोर्ट भारतीय सीमा के करीब है। भारत कम ऊंचाई पर उड़ान भरने की अनुमति देगा या नहीं, यह नेपाल की बातचीत पर निर्भर करेगा। इस मामले में सिमारा के नियम लागू नहीं किए जा सकते।
कम ऊंचाई पर उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिलती है तो विमानों को उतरने से पहले भैरहवा हवाई अड्डे के ऊपर चक्कर लगाना पड़ेगा। हालांकि पोखरा और काठमांडू जाने वाली उड़ानों के लिए सीमा पर २१,००० फीट की ऊंचाई बनाए रखने में समस्या नहीं है। दोनों देशों की तकनीकी टीमें इसका आकलन करेंगी। इसके बाद दोनों देशों के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण एयर ट्रैफिक सर्विसेज लेटर ऑफ एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करेंगे।
मौजूदा B३४५ (काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ) वन-वे रूट पहले से ही अंतरराष्ट्रीय एयर रूट है, इसलिए इसे दोनों तरफ से इस्तेमाल होने वाला रूट बनाने के लिए इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन की मंजूरी की जरूरत नहीं है। दोनों देश किसी समझौते पर पहुंच जाएंगे और इस पर काम को तेजी से पूरा किया जाए तो यह रूट ६ महीने के भीतर चालू हो सकता है।





