एनवीडिया के सीईओ पद पर जेन्सेन हुआंग की वापसी

IMG_5c52e809-ea52-41aa-b282-6ad31cd721e9

इस्तीफे के ११ दिन बाद फिर संभाली कमान

​नई दिल्ली: दुनिया की अग्रणी चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया मे नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला है। कंपनी के सह-संस्थापक जेन्सेन हुआंग इस्तीफा देने के ११ दिन बाद फिर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के पद पर लौट आए हैं। उन्होंने बीते १२ नवंबर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। कंपनी के निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा अध्यक्ष, सीईओ और निदेशक नियुक्त किया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
​निदेशक मंडल के अनुसार, जेन्सेन हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत के बाद बोर्ड को उनकी नेतृत्व क्षमता और स्पष्ट जवाबों पर पूरा भरोसा हुआ है। इसके अलावा, अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले इनपुट ने भी बोर्ड को आश्वस्त किया कि उनकी वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। इस फैसले की घोषणा होते ही अमेरिकी शेयर बाजार में एनवीडिया के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया और प्री-मार्केट ट्रेडिंग में यह २५ प्रतिशत से अधिक चढ़ गया।
​पिछले एक सप्ताह में निदेशक मंडल के रुख में बड़ा बदलाव देखा गया है। बीते मंगलवार को तिमाही नतीजों की बैठक के दौरान बोर्ड के चेयरमैन हार्वे सी जोन्स ने कहा था कि हुआंग को वापस लाने की कोई योजना नहीं है और नए सीईओ की तलाश के लिए एक फर्म नियुक्त की गई है। हालांकि, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हुआंग ने बोर्ड के चाहने पर कंपनी और देश के हित में लौटने की इच्छा जताई थी, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उद्योगपति एलन मस्क ने भी सार्वजनिक रूप से उनकी वापसी का समर्थन किया था।
​सीईओ पद पर वापसी के बावजूद विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े आरोपों की जांच जारी रहेगी। बाहरी कानूनी सलाहकारों के साथ स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति इस मामले की जांच कर रही है, जो पूरा होने तक जारी रहेगी। हुआंग ने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है। उन्हें और कंपनी के जनरल काउंसल टिम टेटर को आगामी १ और २ दिसंबर को अमेरिकी संसद की हाउस कमेटियों के समक्ष बंद कमरे में सवालों के जवाब देने हैं।
​अपने ३३ साल के कार्यकाल में आए विराम के बाद पद पर लौटने पर हुआंग ने एनवीडिया का दोबारा नेतृत्व करने को सम्मान और उत्साह की बात बताया। इससे पहले चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़ी मानी जा रही एक महिला के साथ नाम जुड़ने की खबरों के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया था, हालांकि चीन ने इन आरोपों को खारिज किया था। उनके जाने के बाद कंपनी की सीएफओ कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ बनाया गया था।

About Author

Advertisement