पश्चिम बंगाल का नाम ‘पश्चिमबंग’ रखने का मंत्रिपरिषद का फैसला

FB_IMG_1795449882446

९ दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव

​कोलकाता: पश्चिम बंगाल मंत्रिपरिषद ने सभी भाषाओं में राज्य का नाम बदलकर ‘पश्चिमबंग’ रखने का निर्णय लिया है। सोमवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस फैसले की जानकारी दी।
​आगामी ४ दिसंबर से पश्चिम बंगाल विधानसभा का सत्र शुरू होने जा रहा है। इसी सत्र के तहत ९ दिसंबर को राज्य का नाम बदलने से जुड़ा औपचारिक प्रस्ताव पेश किया जाएगा। विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद इसे भारत सरकार के पास भेजा जाएगा। इसके बाद केंद्र सरकार और संसद संवैधानिक व कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई करेंगे।

मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने बताया कि ९ दिसंबर को विधानसभा में प्रस्ताव लाया जाएगा और पारित होने के बाद इसे भारत सरकार को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि अब अंग्रेजी सहित सभी भाषाओं में राज्य का नाम ‘पश्चिमबंग’ ही रहेगा। राज्य के गठन के इतिहास को याद करते हुए उन्होंने कहा कि २० जून, १९४७ को पश्चिमबंग के गठन का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने ‘वेस्ट बंगाल’ के बजाय हर जगह ‘पश्चिमबंग’ नाम के इस्तेमाल की बात कही।
​उल्लेखनीय है कि अक्टूबर महीने की शुरुआत में ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शमिक भट्टाचार्य ने सभी भाषाओं में राज्य का नाम ‘पश्चिमबंग’ रखने की मांग उठाई थी। उन्होंने आगामी विधानसभा सत्र में इससे संबंधित नया प्रस्ताव लाने का संकेत भी दिया था। सोमवार को मंत्रिपरिषद की मंजूरी के साथ मुख्यमंत्री ने इस मांग को औपचारिक रूप दे दिया है।
​राज्य का नाम बदलने का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में बना हुआ है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य का नाम बदलकर ‘बांग्ला’ रखने का प्रस्ताव विधानसभा से सर्वसम्मति से पारित किया था। हालांकि, उस प्रस्ताव को केंद्रीय गृह मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिल सकी थी।
​वर्तमान भाजपा सरकार का तर्क है कि अंग्रेजी में राज्य का नाम ‘डब्ल्यू’ अक्षर से शुरू होने के कारण सरकारी और आधिकारिक सूचियों में पश्चिम बंगाल का नाम अक्सर नीचे या आखिर में आता था। इससे प्रशासनिक स्तर पर असुविधा होती थी। सत्तारूढ़ दल का दावा है कि नाम की शुरुआत ‘पी’ अक्षर से होने के बाद आधिकारिक सूचियों में राज्य को अपेक्षाकृत ऊपर का स्थान मिल सकेगा।
​इस फैसले को लेकर तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने सरकार की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बैठकों और कार्यक्रमों में ‘वेस्ट बंगाल’ नाम के कारण घंटों इंतजार करना पड़ता था और इसी वजह से ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य का नाम ‘बांग्ला’ रखने का प्रस्ताव आगे बढ़ाया था।
​घोष ने सरकार द्वारा ‘बांग्ला’ नाम को खारिज कर ‘पश्चिमबंग’ रखने के निर्णय की आलोचना करते हुए कहा कि ‘बांग्ला’ नाम रखे जाने से प्रशासनिक कामकाज में राज्य को और अधिक सुविधा मिलती। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ‘पश्चिमबंग’ नाम को लेकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से कोई आपत्ति नहीं है।
​गौरतलब है कि किसी भी राज्य का नाम बदलने के लिए एक निर्धारित संवैधानिक प्रक्रिया पूरी करनी होती है। सबसे पहले नाम बदलने से संबंधित प्रस्ताव या विधेयक राज्य विधानसभा से पारित कर केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा जाता है। इसके बाद यह विषय राष्ट्रपति के पास पहुंचता है। राष्ट्रपति आवश्यक विचार-विमर्श के बाद यदि किसी विषय पर अतिरिक्त स्पष्टीकरण या जानकारी चाहें तो संबंधित राज्य विधानसभा से मांग सकते हैं।
​राष्ट्रपति के संतुष्ट होने के बाद विधेयक संसद में भेजा जाता है। लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों से पारित होने के बाद विधेयक अंतिम स्वीकृति के लिए दोबारा राष्ट्रपति के पास जाता है। राष्ट्रपति की अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही राज्य का नाम आधिकारिक रूप से बदलता है।

About Author

Advertisement