नेपाली प्रधानमंत्री शाह ने भारतीय समकक्ष प्रधानमंत्रीमोदी को दिया नेपाल दौरे का निमंत्रण

1amh6afs_nepalese-prime-minister-balendra-shah-pm-modi_625x300_23_November_26

​नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने अपने भारतीय समकक्ष प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को नेपाल आने का औपचारिक निमंत्रण दिया है। भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर गए प्रधानमंत्री शाह ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को नेपाल भ्रमण का न्योता दिया।
​मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद शाह की यह पहली विदेश यात्रा है। भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर ३४ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए रविवार को नई दिल्ली पहुंचे शाह का सोमवार सुबह राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।
​द्विपक्षीय बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और कूटनीतिक संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जाने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। विशेष रूप से ऊर्जा एवं जलविद्युत परियोजनाओं, सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार, व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा देने तथा नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में सहयोग करने पर दोनों प्रधानमंत्रियों ने जोर दिया। इसके अलावा, धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को मजबूत करने के उद्देश्य से अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ ट्रेन सेवा शुरू करने के विषय पर भी सकारात्मक बातचीत हुई।
​इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री शाह ने भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात कर व्यापार, पारगमन और दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क बढ़ाने पर चर्चा की थी। अपनी यात्रा के दौरान शाह भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे।
​नेपाल और भारत के बीच खुली सीमा और गहरे सांस्कृतिक संबंध होने के बावजूद सीमा विवाद जैसे कुछ मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री शाह की इस यात्रा और भारतीय समकक्ष को दिए गए निमंत्रण को दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संवाद और आपसी विश्वास को मजबूत करने की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।

About Author

Advertisement