लाहौर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शनिवार को नए केंद्रीय अनुबंध की घोषणा की। इस बार बोर्ड ने पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान, शान मसूद और सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक को अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची से बाहर कर दिया है।
लंबे इंतजार के बाद घोषित इस केंद्रीय अनुबंध में कुल ३८ खिलाड़ियों को जगह मिली है। पिछला केंद्रीय अनुबंध ३० जून को ही समाप्त हो गया था। पीसीबी ने इस बार खिलाड़ियों को प्रारूप के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में रखा है।
टेस्ट कप्तान बाबर आजम के साथ सलमान अली आगा को टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूपों की श्रेणी में जगह मिली है। वहीं, वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी को वनडे और टी-२० श्रेणी में रखा गया है। पाकिस्तान की पिछली टी-२० सीरीज में कप्तानी करने वाले साहिबजादा फरहान को केवल टी-२० वर्ग में अनुबंध दिया गया है।
इस नई सूची में कई अन्य प्रमुख खिलाड़ियों को भी जगह नहीं मिली है। ऑलराउंडर आमेर जमाल, सईम अयूब, युवा तेज गेंदबाज आकिफ जावेद और स्पिनर अली उस्मान को भी केंद्रीय अनुबंध से बाहर कर दिया गया है। पाकिस्तान के एक अन्य पूर्व कप्तान शादाब खान को इस बार केवल टी-२० वर्ग में जगह मिली है।
पीसीबी ने अलग-अलग प्रारूपों की श्रेणियों में शामिल खिलाड़ियों को मिलने वाली रकम का खुलासा नहीं किया है। बोर्ड ने इस बार एक नई डेवलपमेंट श्रेणी भी शुरू की है, जिसमें सबसे अधिक खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
पीसीबी के नए केंद्रीय अनुबंध में शामिल खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है:
टेस्ट और वनडे: बाबर आजम और सलमान अली आगा।
टेस्ट: अजान अवैस, साजिद खान, मोहम्मद अब्बास और सऊद शकील।
वनडे और टी-२०: शाहीन शाह अफरीदी, अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, फखर जमान, फहीम अशरफ और हारिस रऊफ।
टी-२०: हसन नवाज, नसीम शाह, माज सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साहिबजादा फरहान, शादाब खान और उस्मान तारिक।
डेवलपमेंट श्रेणी: अब्दुल समद, अली रजा, मोहम्मद ताहा, साद मसूद, इमरान रंधावा, शहजेब खान, उबैद शाह, अब्दुल्ला फजल, फरहान यूसुफ, तैयब आरिफ, रजाउल्लाह, समीर मिन्हास, समाइल हुसैन, अहमद दानियाल, हुनैन शाह, गाजी घोरी, साकिब खान, सुफियान मुकीम और साद बेग।





