सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एसआइटी) के तत्वावधान में गुरुवार को ‘अंतरराष्ट्रीय डेटा साइंस एवं संचार सम्मेलन’ (आइसीटीडीएससी २०२६) संपन्न हुआ।
पश्चिम बंगाल सरकार के पर्यटन एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष के मुख्य आतिथ्य में इस सम्मेलन का आयोजन किया गया। सूचना प्रौद्योगिकी, डेटा साइंस और आधुनिक संचार प्रणाली के बढ़ते महत्व को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, प्रौद्योगिकीविदों और विशेषज्ञों की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. घोष ने कहा कि ज्ञान के आदान-प्रदान, अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने में ऐसे मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि प्रौद्योगिकी और नवाचार के साथ कदम मिलाकर आने वाले दिनों में एक प्रगतिशील, आधुनिक और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लक्ष्य के साथ की गई यह पहल अत्यंत सराहनीय है।
सम्मेलन में उपस्थित विशेषज्ञों ने डेटा साइंस और आधुनिक संचार प्रौद्योगिकी के नवीनतम आयामों तथा चुनौतियों पर अपने-अपने शोधपत्र और विचार प्रस्तुत किए।





