नई दिल्ली: भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जापान में आयोजित कुमामोतो जापान मास्टर्स सुपर ५०० टूर्नामेंट में पुरुष एकल का खिताब जीत लिया। रविवार को खेले गए पुरुष एकल के फाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य ने जापान के कोकी वातानाबे को तीन सेटों के रोमांचक मुकाबले में १३-२१, २१-१८, २१-१४ से पराजित किया।
एक घंटे चार मिनट तक चले इस रोमांचक फाइनल में लक्ष्य ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने लगातार दूसरा बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर ५०० खिताब अपने नाम किया। इससे पहले उन्होंने जर्मनी में हाइलो ओपन का खिताब जीता था।
घरेलू दर्शकों के सामने खेल रहे वातानाबे ने मैच की अच्छी शुरुआत की और शुरुआती दौर से ही बढ़त बनाए रखते हुए पहला गेम २१-१३ से जीत लिया।
पहला गेम गंवाने के बाद लक्ष्य ने शानदार वापसी की। मैच का दूसरा गेम काफी रोमांचक रहा, जिसमें भारतीय खिलाड़ी ने जबरदस्त धैर्य दिखाते हुए जापानी प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा। इस तरह उन्होंने दूसरा गेम २१-१८ से जीतकर मुकाबले को १-१ की बराबरी पर ला दिया।
मैच के तीसरे और निर्णायक गेम में लक्ष्य ने वातानाबे को ज्यादा मौके नहीं दिए। गेम की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखते हुए लक्ष्य लगातार अंक जुटाते रहे। अंततः उन्होंने २१-१४ से निर्णायक गेम जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ लक्ष्य ने इस साल सिंगापुर ओपन और जापान ओपन में वातानाबे के हाथों मिली हार का हिसाब भी बराबर कर लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच अब तक आठ मुकाबले हुए हैं, जिनमें लक्ष्य ने पांच में जीत दर्ज की है।
रविवार को वातानाबे के खिलाफ जीत के साथ लक्ष्य कुमामोतो मास्टर्स का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी भी बन गए। इस टूर्नामेंट की शुरुआत वर्ष २०२३ में हुई थी।
लक्ष्य ने खिताब तक पहुंचने के सफर में लगातार पांच मुकाबले जीते। सेमीफाइनल में उन्हें इंडोनेशिया के अल्वी फरहान ने कड़ी चुनौती दी थी, लेकिन भारतीय शटलर ने अंततः २१-१२, १५-२१, २१-११ से मुकाबला जीत लिया था।
कुमामोतो जापान मास्टर्स का खिताब जीतने के बाद लक्ष्य को बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर रैंकिंग में ९,२०० अंक मिले। टूर्नामेंट से पहले वह ६४,९८० अंकों के साथ १२वें स्थान पर थे। इस बार जापान में चैंपियन बनने के बाद लक्ष्य के लिए साल के अंत में होने वाले बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स २०२६ के शीर्ष आठ खिलाड़ियों में जगह बनाने की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं।





