​नीतिगत सहयोग और निर्यातकों के लचीलेपन से अक्टूबर में भारत का व्यापारिक प्रदर्शन सुदृढ़: सीआईआई

476a3f4c-24e0-430b-8d52-4ac70e78f4f9

​नई दिल्ली: सरकारी नीतिगत सहयोग और निर्यातकों की निरंतर सक्रियता के कारण अक्टूबर महीने में भारत का निर्यात प्रदर्शन बेहद उत्साहजनक और ऊर्जाप्रद रहा है। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने कहा है कि यह भारतीय उद्योग के लचीलेपन, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और वैश्विक बाजार में बढ़ती उपस्थिति को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
​सीआईआई के अनुसार, अक्टूबर महीने में भारत का वस्तु एवं सेवा क्षेत्र का कुल निर्यात ८९ अरब ९९ करोड़ अमेरिकी डॉलर अनुमानित है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग ३० प्रतिशत की प्रभावशाली वृद्धि है। इसी तरह, वित्त वर्ष २०२६–२७ के अप्रैल से अक्टूबर तक के सात महीनों की अवधि में भारत का संचयी निर्यात ५६८ अरब ८४ करोड़ अमेरिकी डॉलर तक पहुँच गया है। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में १६.६६ प्रतिशत की मजबूत वृद्धि है।
​विशेष रूप से गैर-पेट्रोलियम पदार्थों के निर्यात में देखा गया मजबूत प्रदर्शन बेहद सकारात्मक है। इलेक्ट्रॉनिक सामान, इंजीनियरिंग वस्तुएं, रसायन, रत्न एवं आभूषण तथा कपड़ा (टेक्सटाइल) जैसे क्षेत्रों ने उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। इससे भारत की निर्यात टोकरी (एक्सपोर्ट बास्केट) में बढ़ते विविधीकरण और मजबूती की पुष्टि होती है।
​सीआईआई की राष्ट्रीय निर्यात समिति के अध्यक्ष तथा पैटन इंटरनेशनल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संजय बुधिया ने कहा कि ये उपलब्धियां सराहनीय हैं, लेकिन भारत की निर्यात क्षमता इससे कहीं अधिक है। चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद निर्यातकों द्वारा दिखाए गए दृढ़ संकल्प, उद्यमिता और लचीलेपन के कारण ही यह सफलता संभव हुई है। साथ ही, बुधिया ने उल्लेख किया कि सरकार के निरंतर नीतिगत सहयोग—विशेष रूप से मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) और निर्यात संवर्धन मिशन के माध्यम से भारतीय व्यवसायों को अपनी वैश्विक उपस्थिति बढ़ाने के लिए अनुकूल वातावरण मिल रहा है।
​सरकार और उद्योग जगत के बीच निरंतर सहयोग से भारत वस्तु और सेवा दोनों क्षेत्रों में अलग-अलग १ ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर का निर्यात हासिल करने के अपने महत्वाकांक्षी लक्ष्य को पूरा करने में सक्षम होगा। अध्यक्ष बुधिया ने स्पष्ट किया कि इस राष्ट्रीय अभियान को आगे बढ़ाने और वैश्विक व्यापार में भारत की स्थिति को और मजबूत करने के लिए सीआईआई सरकार और उद्योग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

About Author

Advertisement