युवा पीढ़ी की उल्लेखनीय सहभागिता पर सांसद बिष्ट द्वारा आभार
सिलीगुड़ी। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने सिलीगुड़ी के मिलन मोड़ स्थित फुटबॉल मैदान में जारी सांस्कृतिक महोत्सव के पहले दिन उमड़ी जनसागर की भीड़ और विशेषकर युवा पीढ़ी की उत्साहजनक सहभागिता के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
सोशल मीडिया के माध्यम से एक संदेश जारी करते हुए सांसद बिष्ट ने कहा है कि गौरवशाली गोरखा संस्कृति, परंपरा, गीत-संगीत और देउसी-भैलो की मौलिक एवं जीवंत प्रस्तुति को सभी के बीच साझा करते हुए वे अत्यंत हर्षित और गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

महोत्सव के पहले दिन हज़ारों दर्शकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाया है, जिसके लिए उन्होंने सभी दर्शकों के प्रति हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया है।
सांसद बिष्ट ने कहा है कि नई पीढ़ी को उनकी मौलिक संस्कृति, परंपरा और पहचान से जोड़ने का जो मुख्य उद्देश्य था, वह युवाओं की इस उल्लेखनीय सहभागिता से सार्थक हुआ है। युवाओं में दिखाई दिया यह उत्साह और अपनत्व की भावना हमारे सांस्कृतिक भविष्य के प्रति एक नई आशा और विश्वास जगाती है।
महोत्सव के उल्लास और उत्सव को आज भी निरंतरता दिए जाने की जानकारी साझा करते हुए सांसद बिष्ट ने आज शाम ४ बजे से मिलन मोड़ स्थित फुटबॉल मैदान में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए सभी जनसमुदाय को सादर आमंत्रित किया है।

उन्होंने सभी से एक बार फिर से एक साथ एकत्र होकर अपनी संस्कृति, परंपरा और गौरव का उत्सव मनाने का आह्वान किया है।





