गंगटोक: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज लोकभवन, सिक्किम परिसर में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई है।
इस अवसर पर सिक्किम के राज्यपाल दुष्यंत गौतम की ओर से आयुक्त एवं सचिव जितेंद्र सिंह राजे ने लोकभवन परिसर में स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
कार्यक्रम में राजभवन सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। माल्यार्पण के पश्चात उपस्थित सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली है।
इस अवसर पर आयुक्त एवं सचिव ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महान शिल्पकार ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि भारत को एक सूत्र में पिरोने का उनका अतुल्य योगदान और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत के पहले उपप्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे। देश की ५०० से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका के कारण उन्हें ‘भारत का लौह पुरुष’ कहा जाता है। देश की अखंडता और संप्रभुता में उनके अतुलनीय योगदान के सम्मान में प्रतिवर्ष ३१ अक्टूबर को उनकी जयंती ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाई जाती है।





