डब्ल्यूपीएल नीलामी: मोलिन्यूक्स के खाते में १.१० करोड़ रुपये

IMG-20261029-WA0044

​कोच्चि: महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) २०२७ सीजन के लिए कोच्चि में मिनी नीलामी (ऑक्शन) समाप्त हुई। नीलामी में २७ खाली स्थानों के लिए १५० खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया था। नीलामी में केवल २५ खिलाड़ी ही बिके, जिनमें ७ विदेशी खिलाड़ी और १४ अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं। नीलामी में १२४ खिलाड़ियों को कोई खरीदार नहीं मिला, जिनमें इंग्लैंड की सोफी डंकले और श्रीलंका की चमारी अटापट्टू शामिल हैं।
​डब्ल्यूपीएल नीलामी में १५ वर्षीय उमा काश्वी ने इतिहास रचा। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने १० लाख रुपये के आधार मूल्य (बेस प्राइस) पर अपनी टीम में शामिल किया। वह डब्ल्यूपीएल नीलामी में बिकने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं। कर्नाटक की उमा ऑलराउंडर हैं। उमा काश्वी का जन्म ९ अप्रैल २०११ को हुआ था। अभी १५ साल की उम्र में उन्होंने हरियाणा की दीया यादव का रिकॉर्ड तोड़ा है। दीया पिछले साल १६ साल की उम्र में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बनी थीं।
​डब्ल्यूपीएल २०२७ का सीजन अगले साल जनवरी-फरवरी में होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इस महिला टी२० लीग की तारीखों की घोषणा पहले ही कर दी है। डब्ल्यूपीएल का पांचवां सीजन १४ जनवरी से शुरू होकर ७ फरवरी २०२७ तक खेला जाएगा। इस लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस, गुजरात जाइंट्स और यूपी वॉरियर्स के रूप में ५ फ्रेंचाइजियां हिस्सा लेंगी।
​डब्ल्यूपीएल २०२७ के लिए सभी ५ टीमों ने कमर कस ली है। यूपी वॉरियर्स ने मिनी नीलामी में सर्वाधिक ८ खिलाड़ी खरीदे, जिनमें ३ विदेशी शामिल हैं। इसके बाद टीम के पास १.१५ करोड़ रुपये का पर्स बचा है। डब्ल्यूपीएल में प्रत्येक फ्रेंचाइजी न्यूनतम १५ और अधिकतम १८ खिलाड़ियों को टीम में शामिल कर सकती है। गुजरात, मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्स ने अधिकतम खिलाड़ियों का कोटा पूरा कर लिया है। इस तरह दिल्ली और आरसीबी के पास १७-१७ खिलाड़ियों का पूल है।
​इस मिनी नीलामी में सबसे अधिक कीमत में सोफी मोलिन्यूक्स बिकीं, जिन्हें टीम में शामिल करने के लिए यूपी वॉरियर्स ने १.१० करोड़ रुपये खर्च किए। मोलिन्यूक्स का आधार मूल्य ५० लाख रुपये था। नीलामी में एक करोड़ से अधिक कीमत में बिकने वाली वह एकमात्र खिलाड़ी रहीं। भारतीय खिलाड़ियों में किरण नवगिरे ने सबसे बड़ी बोली हासिल की, जिन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने ७५ लाख रुपये में खरीदा। किरण का आधार मूल्य ४० लाख रुपये था।
​नीलामी में ऐसे कुछ बड़े नाम भी रहे, जिनके लिए किसी भी टीम ने बोली नहीं लगाई। इसमें चमारी अटापट्टू और सोफी डंकले शामिल हैं। ५० लाख रुपये के आधार मूल्य पर नीलामी में शामिल हुईं डंकले अनसोल्ड रहीं। इसी तरह अटापट्टू का आधार मूल्य ३० लाख रुपये था, लेकिन उनके नाम पर भी किसी फ्रेंचाइजी ने रुचि नहीं दिखाई।

About Author

Advertisement