ओसाका: चेक गणराज्य की टेनिस खिलाड़ी कैटरीना सिनियाकोवा ने जापान ओपन में महिला एकल का खिताब जीत लिया है। रविवार को खेले गए फाइनल में उन्होंने अमेरिका की एश्लिन क्रूगर को आसानी से ६-१, ६-० से हराया। इस जीत के साथ ही सिनियाकोवा ने ३ साल बाद अपना पहला एकल खिताब और कुल मिलाकर करियर की ६ठीं एकल ट्रॉफी जीती।
सिनियाकोवा ने फाइनल में शुरुआत से ही असाधारण प्रदर्शन करते हुए एश्लिन को कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने महज ६४ मिनट में फाइनल मैच अपने नाम कर लिया। सिनियाकोवा ने पूरे मैच में ६ बार एश्लिन की सर्विस तोड़ी और दोनों सेटों में अपना दबदबा बनाए रखा।
३० वर्षीया सिनियाकोवा के लिए यह जीत बेहद खास रही, क्योंकि उन्होंने आखिरी बार २०२३ में चीन के नानचांग में जियांग्शी ओपन का एकल खिताब जीता था। जापान ओपन की ट्रॉफी उनके करियर का ६ठां एकल खिताब है। उन्होंने अपने करियर का पहला एकल खिताब २०१७ में चीन के शेनझेन में जीता था।
सिनियाकोवा को महिला टेनिस में विशेष रूप से दिग्गज युगल (डबल्स) खिलाड़ी के रूप में जाना जाता है। वे अपने करियर में ३९ युगल खिताब जीत चुकी हैं। पिछले महीने उन्होंने टेलर टाउनसेंड के साथ यूएस ओपन में महिला युगल का खिताब जीता था।





