म्यूनिख(जर्मनी): म्यूनिख में अभ्यास सत्र के दौरान बायर्न म्यूनिख फुटबॉल क्लब के मैनेजर विंसेंट कोम्पनी बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत एम्बुलेंस द्वारा अस्पताल ले जाया गया। क्लब ने जाँच के लिए अभी उनके मेडिकल देखरेख में रहने की पुष्टि की है। जर्मन क्लब बायर्न द्वारा जारी बयान में कहा गया है, एफसी बायर्न की एमेच्योर टीम के अभ्यास के दौरान विंसेंट कोम्पनी अचानक बेहोश हो गए और उन्हें उपचार की आवश्यकता पड़ी। उनका अब अस्पताल में पूरा चेकअप होगा और वे मेडिकल देखरेख में रहेंगे। अभी उनकी कोचिंग टीम अभ्यास और मैच से संबंधित कामकाज संभालेगी। यह घटना बुधवार को बायर्न म्यूनिख के आर्सनल के विरुद्ध यूएफा चैंपियंस लीग मैच के कुछ दिन पहले हुई थी, जब कोम्पनी ने अपने पैरों और पसलियों में पीड़ा होने की बात कही थी। उनकी यह समस्या किसी वायरस संक्रमण के कारण होने की आशंका व्यक्त की गई है। बायर्न म्यूनिख के सहायक प्रशिक्षक आरोन डेंक्स ने कोम्पनी के स्थान पर प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बातचीत की थी। उन्होंने मैनेजर को ठीक होने में कुछ समय लगने की बात कही थी। डेंक्स ने कहा था, यह केवल एक वायरस है। ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए, डॉक्टर और विशेषज्ञों को मुझसे अधिक जानकारी है। सबसे महत्त्वपूर्ण बात, हमने उन्हें कुछ दिन आराम करने के लिए कहा है। वे अपने लिए पर्याप्त समय ले सकते हैं। वे कब तक ठीक होंगे, यह अभी कहना मुश्किल है। इसके अलावा विंसेंट को मनाना भी एक बड़ी चुनौती है कि वे आराम करें। उल्लेखनीय है कि बायर्न म्यूनिख और आर्सनल के बीच खेला गया चैंपियंस लीग का मैच २-२ से ड्रा रहा था। इस बीच बायर्न के स्पोर्टिंग डायरेक्टर मैक्स एबरल ने जानकारी दी है कि मैनेजर शारीरिक रूप से काफी परेशानी में थे। एबरल ने खुलासा किया कि कोम्पनी को सीढ़ियाँ चढ़ने में भी सहायता की आवश्यकता पड़ी थी और वे वायरस से जूझ रहे थे। बायर्न म्यूनिख का अगला मैच बुंडेसलीगा में रविवार को फ्रीबर्ग के विरुद्ध है।





