नई दिल्ली: अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भारत ए के लिए शुरुआती २ अनौपचारिक (अनऑफिशियल) टेस्ट मैचों से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अनुसार, पंत की तीसरे मैच में उपलब्धता के बारे में बाद में सूचित किया जाएगा।
पुरुष चयन समिति ने पंत के स्थान पर पहले २ मैचों के लिए कुमार कुशाग्र को भारत ए टीम में शामिल किया है। बीसीसीआई द्वारा जारी बयान में कहा गया है, ऋषभ पंत की न्यूजीलैंड दौरे पर भारत ए टीम में उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर थी। उन्हें पहले २ मैचों से बाहर रखा गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज को ईरानी कप में शेष भारत की कप्तानी करते समय चोट लगी थी। वे अभी बीसीसीआई मेडिकल टीम की देखरेख में हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं। तीसरे मैच में उनके खेलने पर फैसला बाद में किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भारत ए टीम न्यूजीलैंड दौरे पर २४ अक्टूबर से १० नवंबर तक २ मैचों की अनौपचारिक टेस्ट सीरीज खेलेगी। न्यूजीलैंड ए के खिलाफ ये मैच लिंकन और क्राइस्टचर्च में खेले जाएंगे। भारत ए टीम में ऐसे कई खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्हें सीनियर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव है। इनमें केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, साई सुदर्शन और वाशिंगटन सुंदर शामिल हैं। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से भारत ए टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मजबूत होगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की टेस्ट सीरीज से पहले इन खिलाड़ियों के पास अपनी तैयारियों को पुख्ता करने का अच्छा मौका रहेगा।
भारत ए टीम की कप्तानी ध्रुव जुरेल करेंगे। वे विकेटकीपर की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
भारत ए की संशोधित टीम इस प्रकार है:
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार और कुमार कुशाग्र (शुरुआती २ मैचों के लिए)।





