नई दिल्ली: दक्षिण भारतीय व्यंजनों में ‘डोसा’ हमेशा से ही लोगों का पसंदीदा नाश्ता रहा है। हालांकि, अगर आप रोज-रोज एक ही तरह का पारंपरिक डोसा खाकर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो ‘बन डोसा’ आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से बेहद स्पोंजी यह डोसा स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बनाने में भी काफी आसान है।
चावल-दाल को घंटों भिगोने और फर्मेंट करने के झंझट के बिना सूजी और दही की मदद से इसे महज १० मिनट में तैयार किया जा सकता है।
आवश्यक सामग्री और बनाने की विधि~
मिश्रण तैयार करना: एक बर्तन में १ कप सूजी लें। इसमें ३/४ कप दही और आधा कप पानी मिलाकर अच्छे से मिक्स करें। सूजी को फूलने के लिए इसे थोड़ी देर ढककर रख दें।
तड़का तैयार करना: एक छोटे पैन में थोड़ा सा तेल गरम करके राई, जीरा, उड़द दाल, बारीक कटा प्याज और करी पत्ता डालकर भूनें। प्याज हल्का सुनहरा होने पर गैस बंद करें और तड़के को ठंडा होने दें।
बैटर पीसना: फूली हुई सूजी के मिश्रण को मिक्सी के जार में डालकर एकदम स्मूथ बैटर पीस लें। इसे एक बर्तन में निकालें और इसमें तैयार किया हुआ प्याज का तड़का और बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं।
बेकिङ सोडा मिलाना: डोसा को स्पोंजी बनाने के लिए बैटर में १/४ छोटा चम्मच बेकिंग सोडा डालें। ऊपर से थोड़ा सा पानी छिड़कें ताकि सोडा एक्टिवेट हो जाए और हल्के हाथों से एक ही दिशा में मिला लें।
पकाना और परोसना: एक छोटे या गहरे पैन में थोड़ा सा तेल या घी लगाएं और धीमी आंच पर रखें। पैन में १-२ बड़े चम्मच बैटर डालकर ढक्कन से ढक दें। नीचे से सुनहरा होने पर इसे पलटें और दूसरी तरफ से भी ३०-४० सेकंड सेंक लें।
आपका गरमा-गरम और फूला हुआ बन डोसा तैयार है। इसे नारियल की चटनी या तीखी कारा चटनी के साथ परोसें।





