सिलीगुड़ी: दुर्गापूजा के अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना एवं संस्कृति विभाग की ओर से सिलीगुड़ी में दो दिवसीय विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
राज्य के सात स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में ११ और १२ अक्टूबर को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संगीत कार्यक्रमों के साथ उत्तर बंगाल के स्थानीय बैंड एवं कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सिलीगुड़ी स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण बंगले में बैठक हुई।
बैठक में पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष, सिलीगुड़ी के अनुमंडल अधिकारी, सूचना एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष के अनुसार, ११ अक्टूबर को प्रसिद्ध गायक तीर्थ भट्टाचार्य और १२ अक्टूबर को लोकप्रिय गायिका अंतरा मित्रा प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा उत्तर बंगाल के विभिन्न स्थानीय बैंड और कलाकार भी दोनों दिन अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
दुर्गापूजा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम से स्थानीय कला, संस्कृति और संगीत को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।





