काठमांडू(नेत्र बिक्रम बिमली): नेपाल सरकार ने भोटेकोशी-त्रिशूली बाढ़ के बाद चलाए जा रहे व्यापक खोज एवं बचाव अभियान को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया है। सोमवार को प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की अध्यक्षता में संपन्न राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण तथा प्रबंधन परिषद की २१वीं बैठक ने यह फैसला लिया। हालांकि, अत्यावश्यक खोज कार्य जारी रहेगा।
प्रधानमंत्री तथा मंत्रिपरिषद कार्यालय में आयोजित बैठक ने खोज एवं बचाव का चरण पूरा होने के बाद अब प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण और पुनर्स्थापना कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है। यह निर्णय जिला सुरक्षा समिति, जिला आपदा प्रबंधन समिति तथा राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण की सिफारिश और जमीनी निरीक्षण के आधार पर लिया गया है।
बैठक ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण के लिए विभिन्न मंत्रालयों एवं निकायों से प्राप्त ५०४ योजनाओं तथा कार्यक्रमों के लिए कुल ५ खरब ५९ अरब १७ करोड़ ७२ लाख २७ हजार रुपये का बजट स्वीकृत करने हेतु वित्त मंत्रालय को सिफारिश भेजने का निर्णय किया है।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री शाह ने कहा कि आपदा प्रबंधन और पुनर्निर्माण का काम संघ, प्रदेश और स्थानीय सरकारों के समन्वय से आगे बढ़ाया जाएगा। इस कार्य में विपक्षी दलों के नेताओं तथा प्रांतीय मुख्यमंत्रियों ने पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
परिषद ने मनसूनजन्य आपदा एवं बाढ़ से हुई जनधन की क्षति पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की है। साथ ही, कठिन परिस्थिति में खोज, बचाव एवं राहत कार्य में जुटे सुरक्षाकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों, मीडियाकर्मियों तथा विकास साझीदारों का आभार व्यक्त किया है।





