महिला हॉकी टीम फाइनल में पहुंची, कुश्ती में सफलता

IMG-20260930-WA0086

​नई दिल्ली: सुनील कुमार एशियाई खेलों की ग्रीको-रोमन कुश्ती स्पर्धा में २ पदक जीतने वाले पहले भारतीय पहलवान बन गए हैं। उन्होंने पुरुषों के ८७ किग्रा वर्ग की कुश्ती स्पर्धा के पहले दिन बुधवार को फिलीपींस के केलम रॉबर्ट्स जॉनस्टन को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर पराजित कर कांस्य पदक जीता। सुनील ने अपने प्रतिद्वंद्वी का दाहिना हाथ बांधकर पटकते हुए ४-० की बढ़त बनाई। रक्षात्मक खेल रहे जॉनस्टन को पार टेरे पोजीशन में मैट पर पटकने के साथ ही सुनील ने स्कोरिंग मूव बनाकर पहले पीरियड में ही जीत हासिल कर ली। सुनील ने २०२३ हांगझोऊ एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतकर ग्रीको-रोमन शैली में भारत के १३ साल से जारी पदक के सूखे को समाप्त किया था। हरियाणा के २७ वर्षीय सुनील सेमीफाइनल में जापान के ताइजो योशिदा के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर पराजित हो गए थे। कांस्य पदक जीतने के बाद सुनील ने कहा, “मैं खुश हूं लेकिन संतुष्ट नहीं हूं। मैंने एशियाई खेलों में पहले भी कांस्य पदक जीता है। जापान के प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ गलती करने का परिणाम मुझे भुगतना पड़ा। मैंने तकनीक के बजाय अधिक शक्ति का प्रयोग किया।”
​इस बीच भारतीय महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को २-० से पराजित कर एशियाई खेलों के फाइनल में स्थान बना लिया। भारतीय टीम ने आज भी शानदार प्रदर्शन किया और अब टीम स्वर्ण पदक से केवल एक जीत की दूरी पर है। अब २ अक्टूबर को खेले जाने वाले फाइनल में भारत का मुकाबला चीन से होगा। भारतीय टीम एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के ४४ साल के लंबे इंतजार को खत्म करने के करीब है। मैच में भारत ने अच्छी शुरुआत की और इशिका ने दूसरे क्वार्टर में भारत को बढ़त दिलाई। उसके ४ मिनट बाद सुनेलिया टोप्पो ने एक और गोल कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।

About Author

Advertisement