आईपीएल २०२७ सीजन से पहले सीएसके ने जहीर खान को बनाया मुख्य कोच

IMG-20260922-WA0047

​नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। पांच बार की आईपीएल चैंपियन सीएसके ने सोशल मीडिया के माध्यम से जहीर की नियुक्ति की घोषणा की। जहीर टीम में स्टीफन फ्लेमिंग का स्थान लेंगे, जिन्होंने आईपीएल २०२६ सीजन के बाद मुख्य कोच पद से इस्तीफा दे दिया था।
​सीएसके और फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था। फ्लेमिंग के अलग होने के बाद सीएसके टीम में मुख्य कोच का पद खाली था और अब जहीर को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। फ्लेमिंग ने लंबे समय तक सीएसके में मुख्य कोच के रूप में अपनी सेवाएं दीं, लेकिन आईपीएल २०२६ सीजन के कुछ समय बाद उन्होंने टीम का साथ छोड़ने का निर्णय लिया।
​न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज फ्लेमिंग साल २००८ में आईपीएल के पहले सीजन में एक खिलाड़ी के रूप में सीएसके में शामिल हुए थे। इसके बाद २००९ में वे टीम के मुख्य कोच बने। बीते १७ वर्षों में फ्लेमिंग और सीएसके के बीच एक मजबूत साझेदारी रही और उनकी मौजूदगी में टीम ने सफलता की नई ऊंचाइयों को छुआ। फ्लेमिंग के मुख्य कोच रहते सीएसके ने ५ बार आईपीएल ट्रॉफी और २ बार चैंपियंस लीग टी२० का खिताब जीता। इतना ही नहीं, टीम ने रिकॉर्ड १२ बार आईपीएल के प्लेऑफ में स्थान बनाया और १० बार फाइनल भी खेला।
​सीएसके की टीम अंतिम बार २०२३ में आईपीएल चैंपियन बनी थी। उसके बाद से टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। सीएसके लगातार ३ सीजन में आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। साल २०२४, २०२५ और २०२६ में टीम का अभियान ग्रुप चरण में ही समाप्त हो गया था। साल २०२४ में सीएसके पांचवें, २०२५ में सबसे नीचे दसवें और २०२६ में आठवें स्थान पर रहकर टीम ने अपना आईपीएल अभियान समाप्त किया था।
​अब आगामी सीजन से पहले कोचिंग में बदलाव से संकेत मिलता है कि टीम आईपीएल २०२७ में असाधारण तैयारी के साथ वापसी करने में जुटी है। इसके अलावा, जहीर के समक्ष इस टीम को फिर से उसी ऊंचाई पर पहुंचाने की चुनौती होगी, जिसके लिए यह टीम जानी जाती है।
​साल २०१७ में आईपीएल से संन्यास लेने के बाद जहीर ने अलग-अलग भूमिकाओं में काम किया है। आईपीएल में ३ टीमों (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स) से खेलने के बाद उन्हें आईपीएल २०१९ से पहले मुंबई इंडियंस का क्रिकेट ऑपरेशंस निदेशक बनाया गया था। वे बाद में टीम के ग्लोबल डेवलपमेंट हेड भी बने। उन्हें आईपीएल २०२५ के लिए लखनऊ सुपर जाइंट्स का मेंटर नियुक्त किया गया था और पिछले सीजन में वे इस फ्रेंचाइजी से अलग हुए थे।
​एक खिलाड़ी के रूप में जहीर ने १०० आईपीएल मैच खेलकर १०२ विकेट लिए हैं। यह उनके शानदार भारतीय करियर का एक हिस्सा था, जिसमें उन्होंने सभी प्रारूपों में कुल ६१० विकेट हासिल किए हैं।

About Author

Advertisement