महिला १० मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत ने जीता रजत पदक

IMG-20260920-WA0037

​नई दिल्ली: आइची-नागोया एशियाई खेल २०२६ में भारत ने अपने पदक अभियान की शुरुआत कर दी है। महिला १० मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा चोकलिंगम की टीम ने रजत पदक हासिल किया। भारतीय टीम १६ टीमों की इस स्पर्धा में कुल १८९८.० अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर रही। चीन की टीम ने १९०४.२ अंक के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं मेजबान जापान १८९७.१ अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। एशियाई खेल २०२६ में भारत का यह पहला पदक है।
​इससे पहले मिक्सड मार्शल आर्ट्स (एमएमए) में सुचिका तारियाल ने भी सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक पक्का कर लिया है। पारंपरिक ६० किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर सुचिका ने कम से कम कांस्य पदक पक्का किया है।
​महिला १० मीटर एयर राइफल की व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत के पास २ और पदक जीतने की संभावना है। इलावेनिल वलारिवन और सोनम मस्कर ने फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। कुल ५७ निशानेबाजों के बीच सोनम ६३४.१ अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि इलावेनिल ६३३.५ अंक के साथ सातवें स्थान पर रहीं। तीसरी भारतीय निशानेबाज विदर्सा ६३०.४ अंक के साथ १२वें स्थान पर रहीं।
​इलावेनिल आईएसएसएफ विश्व कप में २ बार स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने २०१९ और २०२३ में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं सोनम आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में ३ बार रजत पदक जीत चुकी हैं।

About Author

Advertisement