सिलीगुड़ी: शिल्प और निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा की पूजा के अवसर पर सिलीगुड़ी के विभिन्न रेलवे स्टेशनों को भव्य रूप से सजाया गया। इस खास मौके पर दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) की ऐतिहासिक धरोहर ‘टॉय ट्रेन’ को भी बेहद खूबसूरती से फूलों और झालरों से सजाकर पूजा-अर्चना की गई।
रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टेशन परिसर तथा ट्रेन के इंजनों में विधिवत पूजा-पाठ कर सुख-समृद्धि और सुरक्षित रेल यात्रा की कामना की। सजाई गई ऐतिहासिक टॉय ट्रेन को देखने के लिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिली।





