सऊदी अरब : सऊदी अरब के ऊर्जा बुनियादी ढाँचे पर हुए हमले से वैश्विक तेल बाज़ार पर फिर दबाव बढ़ गया है। हमले के बाद सऊदी की पूर्व-पश्चिम पाइपलाइन बंद होने से अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में आपूर्ति बाधित होने की चिंता बढ़ गई है। मंगलवार को ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत एक डॉलर सैंतीस सेंट बढ़कर प्रति बैरल एक सौ सात डॉलर पाँच सेंट हो गई। अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट की कीमत भी एक डॉलर तिरपन सेंट बढ़कर एक सौ दो डॉलर बानवे सेंट प्रति बैरल हो गई। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी के ख़मिस मुशैत सैन्य हवाई अड्डे पर मिसाइल और मानवरहित विमान से हमला किया, जिसके बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। विमान हैंगर, राडार, धावनमार्ग और हथियार भंडार को निशाना बनाए जाने की बात कही गई है। सऊदी पर लगातार हो रहे हमलों और खाड़ी देशों द्वारा ईरान के साथ वार्ता स्थगित किए जाने के बाद मध्य-पूर्व का संघर्ष और फैलने तथा उसका सीधा असर वैश्विक तेल आपूर्ति पर पड़ने का जोखिम बढ़ गया है।





