अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी२० मैच में भारत ७ विकेट से विजयी

IMG-20260913-WA0105

​नई दिल्ली: भारत ने पहले टी२० अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में अफगानिस्तान को ७ विकेट से पराजित किया। अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने २० ओवर में ८ विकेट पर १५६ रन का स्कोर बनाया। इसके बाद भारत ने ३८ गेंद शेष रहते ३ विकेट के नुकसान पर १५७ रन बनाकर मैच जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन टी२० मैचों की श्रृंखला में १-० की बढ़त हासिल कर ली। श्रृंखला का दूसरा टी२० मैच मंगलवार को खेला जाएगा।
​लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही और संजू सैमसन केवल १० रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह केवल १८ रन पर पहला विकेट गिरने के बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने मिलकर मोर्चा संभाला। इन दोनों ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए १२१ रन की मैच जिताऊ साझेदारी की। अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करने वाले अभिषेक ८२ रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने ३२ गेंदें खेलकर सात छक्के और उतने ही चौके लगाए।
​अभिषेक के आउट होने के तुरंत बाद ईशान आउट हो गए, लेकिन भारत को मैच जीतने में कोई परेशानी नहीं हुई। कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद ८ और तिलक वर्मा ने नाबाद ३ रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। ईशान ने ३३ गेंदों का सामना करते हुए पांच चौकों और एक छक्के की मदद से ४२ रन बनाए। अफगानिस्तान के गेंदबाजों में मोहम्मद नबी ने २ विकेट लिए।
​इससे पहले मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत निराशाजनक रही और एक समय केवल ४३ रन पर ५ विकेट गिर चुके थे। इसके बाद अजमतुल्लाह उमरजई के नाबाद ६४ रन की मदद से अफगानिस्तान सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सका। उमरजई ने चार चौकों और उतने ही छक्कों की मदद से ४४ गेंदों में नाबाद ६४ रन बनाए। इसके अलावा मोहम्मद नबी ने २७ गेंदों में ३३ रन बनाए। उन्होंने दो छक्के और उतने ही चौके लगाए। इन दोनों ने छठे विकेट के लिए ८३ रन की साझेदारी कर टीम को संभाला।
​अफगानिस्तान की ओर से केवल चार बल्लेबाज ही दस या उससे अधिक रन बना सके। भारतीय गेंदबाजों में अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक ३ विकेट लिए।

About Author

Advertisement